भारत

मर्चेंट नेवी अफसर पति की 'दरिंदगी' का पता चला, पूरा इलाका रह गया सन्न

jantaserishta.com
7 Aug 2025 9:34 AM IST
मर्चेंट नेवी अफसर पति की दरिंदगी का पता चला, पूरा इलाका रह गया सन्न
x
जानें पूरा मामला.
लखनऊ: लखनऊ में महज छह महीने पहले ब्याही गई 24 साल की मधु अब इस दुनिया में नहीं रही. मर्चेंट नेवी का सेकेंड अफसर अनुराग सिंह, जिसने उसके साथ सात फेरों का वचन लिया था, अब उसी पत्नी की मौत के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है.
5 अगस्त की सुबह मधु का शव घर में फंदे से लटका मिला, और कुछ ही घंटों में मधु के परिवार ने अनुराग पर गंभीर आरोपों की बौछार कर दी थी. मधु के पिता ने कहा ये आत्महत्या नहीं, सुनियोजित हत्या है. अगले ही दिन पुलिस ने जांच तेज करते हुए अनुराग को गिरफ्तार कर लिया.
मधु सिंह, एक जिंदादिल, पढ़ी-लिखी, आत्मनिर्भर युवती थी. वह जिंदगी को खुलकर जीना जानती थी. लेकिन शादी के छह महीने के भीतर ही उसकी जान चली गई.उसकी बहन प्रिया ने पुलिस को जो बताया, वो किसी भी आम इंसान की रूह कंपा दे. शादी के चंद दिन बाद ही मधु के जीवन में अंधेरा छाने लगा. पति अनुराग शक्की था, हिंसक था और सबसे खतरनाक, उसे दहेज चाहिए था.
परिवार के मुताबिक, अनुराग ने शादी के कुछ हफ्तों बाद ही मधु से 15 लाख रुपये की मांग की थी. जब यह नहीं मिला, तो मधु की जिंदगी नर्क बन गई. बात-बात पर मारपीट, शक, गालियां और मानसिक उत्पीड़न आम बात हो गई थी. प्रिया कहती हैं, अनुराग उसे जबरन शराब पिलाने को कहता था. अगर मना करती, तो बेल्ट से मारता. किसी से बात नहीं करने देता, यहां तक कि मुझसे भी बात बंद करवा दी.
इस रिश्ते की दरार तब ज़्यादा साफ दिखी जब मधु ने अपनी बहन को फोन किया और कहा जल्दी आ जाओ, वरना ये मुझे मार देगा. उस कॉल की रिकॉर्डिंग आज भी मधु के मोबाइल में मौजूद है. उसकी कांपती आवाज़ रोती हुई सांसें, और उस घबराहट की गूंज उसके माता-पिता के जेहन में आज भी ताजा है.
आरोप है कि 4 अगस्त की रात को मधु और अनुराग एक साथ कार से निकले थे. अनुराग कार में शराब पी रहा था, मधु ड्राइव कर रही थी. रास्ते में गड्ढे से बचने पर अनुराग ने कहा लड़कों को देखकर गाड़ी घुमा दी?”और यहीं से विवाद शुरू हुआ. अगली सुबह अनुराग ने मधु के पिता को फोन कर कहा कि मधु ने सुसाइड कर लिया. लेकिन जब परिवार घर पहुंचा, तब तक मधु का शव फंदे से नीचे उतार दिया गया था. कमरे की हालत, बिखरी चीज़ें और दीवारों पर खरोंच के निशान ये नहीं बताते कि सब कुछ शांत था. कुछ न कुछ छुपाया जा रहा था.
अनुराग ने पुलिस को बताया था कि उसने नौकरानी को छुट्टी दे दी थी. लेकिन जब पुलिस ने नौकरानी से बात की, तो उसने बताया कि वह तय समय पर पहुंची थी और दरवाजा बहुत देर तक खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. यह बयान भी संदेह को मज़बूती देता है.
परिजनों के अनुसार, अनुराग ने कहा था कि वह 30 अप्रैल को समुद्री ड्यूटी पर जा रहा है और छह महीने तक नहीं लौटेगा. लेकिन वह अचानक 22 जुलाई को घर लौट आया. और सिर्फ 10 दिन बाद मधु की मौत हो गई. इतनी जल्दी छुट्टी और फिर यह हादसा परिवार इसे महज इत्तेफाक नहीं मान रहा.
सबसे संवेदनशील आरोप यह है कि मधु जब गर्भवती हुई, तो अनुराग ने उसे जबरन गर्भपात के लिए मजबूर किया. मधु के पिता का कहना है कि अनुराग के कई महिलाओं से रिश्ते थे, और जब मधु को इसका पता चला तो झगड़े और बढ़ गए. धीरे-धीरे मधु अंदर से टूटती चली गई.
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि मधु के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस कॉल रिकॉर्ड, घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच, मोबाइल डेटा और नौकरानी के बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा. जो दोषी होगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story