भारत

मानसिक रोगी मां ने 8 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या की, पहाड़ पर मिला शव

Shantanu Roy
6 Nov 2025 7:11 PM IST
मानसिक रोगी मां ने 8 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या की, पहाड़ पर मिला शव
x
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
Seedhee. सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने अपने आठ वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना ग्राम कतरी काडी की है। पुलिस ने बच्चे का शव बरामद कर मां को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मृतक बच्चे का नाम आशिक बैगा (8 वर्ष) है, जबकि आरोपी मां का नाम फूल कुमारी बैगा बताया गया है। फूल कुमारी की मानसिक स्थिति लंबे समय से अस्थिर बताई जा रही है।
4 अक्टूबर की शाम से लापता थे मां-बेटा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, फूल कुमारी बैगा अपने परिवार के साथ ग्राम कतरी काडी में रहती थी। उसके दो बेटियां और एक बेटा था। पिछले कुछ समय से वह मानसिक रोग से पीड़ित थी और अक्सर असामान्य व्यवहार करती थी। 4 अक्टूबर की शाम से ही फूल कुमारी और उसका बेटा आशिक घर से लापता थे। पहले परिवार वालों को लगा कि दोनों कहीं रिश्तेदारी या पड़ोस में चले गए होंगे, लेकिन देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे, तो गांव में चिंता का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आसपास और जंगल के रास्तों में खोजबीन शुरू की, लेकिन रात के अंधेरे के कारण कुछ पता नहीं चल सका।
चरवाहों ने पहाड़ पर देखा बच्चे का शव
अगले दिन 5 अक्टूबर की दोपहर, जब गांव के कुछ चरवाहे पशुओं को चराने के लिए पास के पहाड़ की ओर गए, तो उन्होंने वहां एक बच्चे का शव पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि वह फूल कुमारी का बेटा आशिक बैगा है। चरवाहों ने तुरंत गांव लौटकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। थोड़ी देर बाद सेमरिया पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की।
घटनास्थल पर ही पहुंची आरोपी मां, कबूला अपराध
जब पुलिस घटनास्थल पर मौजूद थी, तभी फूल कुमारी बैगा भी वहां आ गई। पुलिस और परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने खुलकर स्वीकार किया कि उसने ही अपने बेटे की हत्या की है। ग्रामीणों ने बताया कि फूल कुमारी ने बताया कि वह बच्चे को घर से करीब एक किलोमीटर दूर पहाड़ पर लेकर गई थी और वहीं उसका गला दबाकर हत्या कर दी। रात अधिक होने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जा सका, जिसे अगले दिन गुरुवार को सेमरिया अस्पताल में कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
Next Story