
x
बाजार में खरीदारी करने निकले लोग बने कुत्ते का शिकार.
राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में एक आवारा कुत्ते ने लोगों के बीच दहशत फैला दी. शुक्रवार को महज 6 घंटे के अंदर कुत्ते ने 26 लोगों को काटकर घायल कर दिया. दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक कुत्ता बाजार में घूमता रहा और रास्ते से गुजर रहे लोगों पर हमला करता रहा. किसी को खरीदारी के लिए बाजार जाना था तो कोई अपने दोपहिया वाहन से निकल रहा था. कुत्ते ने कई लोगों को अपना निशाना बना लिया.
इस घटना के बाद बाजार में आने-जाने वाले लोग डरे हुए हैं. घायलों को इलाज के लिए खिलचीपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने सभी को जरूरी इलाज दिया और रेबीज से बचाव के इंजेक्शन लगाए. दूसरी तरफ, लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी कुत्ते को पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे से कुत्ते ने लोगों को काटना शुरू किया. इसके बाद शाम 6 बजे तक वह लगातार अलग-अलग लोगों पर हमला करता रहा. कुत्ते ने ज्यादातर लोगों के पैरों को निशाना बनाया. कुछ लोगों को गहरे घाव भी आए हैं. पीड़ितों ने बताया कि कुत्ता बाजार में अचानक लोगों पर झपट रहा था. वह सड़क से गुजर रहे दोपहिया वाहनों के पीछे भी दौड़ता और लोगों को काट लेता था. इस वजह से बाजार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कई लोग कुत्ते के डर से रास्ता बदलकर निकलने लगे.
कुत्ते के हमले में घायल सभी लोगों को खिलचीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां उनका इलाज किया गया. ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. कमल दांगी के मुताबिक, कुत्ते के काटने से घायल लोगों को जरूरी उपचार के साथ रेबीज से बचाव के इंजेक्शन लगाए गए. कई लोगों के घाव थे तो कुछ लोगों के पैरों से खून निकल रहा था. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर है कि अगर कुत्ते को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वह किसी और को भी घायल कर सकता है.
लगातार हो रहे हमलों से परेशान लोगों ने स्थानीय प्रशासन से शिकायत की है. पीड़ितों ने सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के समय बाजार में भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में खुलेआम घूम रहा कुत्ता बच्चों, बुजुर्गों और खरीदारी करने आए लोगों के लिए खतरा बन सकता है. लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने और इलाके में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है. खिलचीपुर में एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की घटना ने स्थानीय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि जब एक कुत्ता लगातार लोगों पर हमला कर रहा था, तो उसे पकड़ने के लिए तुरंत टीम क्यों नहीं पहुंची.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





