भारत

हाथ में मेहंदी, गले में चुन्नी और सूटकेस में लाश...कांग्रेस नेत्री मामले में नया खुलासा

jantaserishta.com
2 March 2025 9:45 AM IST
हाथ में मेहंदी, गले में चुन्नी और सूटकेस में लाश...कांग्रेस नेत्री मामले में नया खुलासा
x
फैली सनसनी.
रोहतक: रोहतक का सांपला कस्बा... 1 मार्च की सुबह... बस स्टैंड के पास नीले रंग का लावारिस सूटकेस रखा हुआ था. राहगीरों की नजर पड़ी तो किसी ने पुलिस को सूचना दी कि इसमें कुछ संदिग्ध है. थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंची. जब सूटकेस खोला गया, तो उसमें देखकर सबके होश उड़ गए. अंदर एक युवती की लाश थी. उसका गला चुन्नी से बंधा हुआ था और हाथों में मेहंदी के निशान थे. देखकर अनुमान लगाया जा रहा था कि किसी ने बेरहमी से हत्या कर लाश को सूटकेस में बंद कर फेंक दिया है.
पहले तो मृतका की पहचान को लेकर सस्पेंस बना रहा, लेकिन फिर पुलिस ने खुलासा किया कि यह कांग्रेस नेत्री हिमानी नरवाल (Himani Narwal) की लाश है. हिमानी की कई तस्वीरें कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ देखी गईं. सोशल मीडिया पर राहुल गांधी, दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ वाली हिमानी की तस्वीरें भी वायरल हैं.
सांपला थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने जब मामले की जांच शुरू की तो शुरुआती जांच में यही इशारा लग रहा था कि हिमानी नरवाल की हत्या गला घोंटकर की गई, लेकिन सवाल ये था कि आखिर हत्या की वजह क्या है? क्या यह कोई निजी रंजिश थी, या फिर इसके पीछे कोई अन्य साजिश? सांपला थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि फिलहाल हमें कोई राजनीतिक एंगल नजर नहीं आ रहा है, लेकिन हम सभी संभावनाओं की जांच कर रहे हैं. मामले को सुलझाने के लिए चार टीमें बनाई गई हैं. जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
हिमानी नरवाल कांग्रेस की एक सक्रिय कार्यकर्ता थीं. पार्टी के हर बड़े कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी रहती थी. राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' से भी वह जुड़ी हुई थीं. विधायक बीबी बत्रा ने उनकी हत्या की पुष्टि करते हुए कहा कि हिमानी कांग्रेस की मेहनती कार्यकर्ता थीं. हिमानी की हत्या एक गंभीर मामला है और इसकी जांच SIT से करवाई जानी चाहिए.
अब सबसे बड़ा सवाल ये उठता है कि हिमानी नरवाल की हत्या आखिरकार किन हालात में की गई? क्या उन्हें किसी ने मिलने के बहाने बुलाया और फिर हत्या कर दी? या फिर यह कोई पूर्व नियोजित साजिश थी? पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से कई बातें साफ होंगी. पुलिस के लिए सबसे अहम कड़ी वो हो सकते हैं, जिनसे हिमानी ने आखिरी बार संपर्क किया था. हिमानी नरवाल की हत्या को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
फिलहाल, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. उनके फोन कॉल्स की डिटेल्स निकाली जा रही हैं. सोशल मीडिया और मैसेज चैट्स की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा है कि रोहतक में कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की बर्बर हत्या का समाचार बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है. दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. एक लड़की की इस तरह हत्या होना और उसका सूटकेस में शव मिलना बेहद दुखदाई और आघात पहुंचाने वाला है. यह अपने आप में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बदनुमा धब्बा है. इस हत्याकांड की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो और सरकार पीड़िता के परिवार को जल्द से जल्द न्याय व दोषियों को कठोरतम दंड दिलाए.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story