भारत
दवा व्यापारी हत्याकांड: बहू नहीं, बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, 6 लाख की दी थी सुपारी
jantaserishta.com
24 Sept 2026 5:47 PM IST

x
बड़ा खुलासा.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस ने दवा व्यापारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बड़ा खुलासा करते हुए उनके बेटे सुब्रत मिनोचा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सुब्रत ने ही अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी।
जांच में सामने आया कि उसे डर था कि पिता दूसरी शादी कर सकते हैं। इसके अलावा, पिता के कथित निजी जीवन को लेकर भी वह नाराज था। इसी के चलते उसने पिता की हत्या कराने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर ने सुब्रत के कहने पर विनीत मिनोचा की चाकू से गोदकर हत्या की थी। घटना के बाद हत्यारों की तस्वीरें पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में व्यापारी के शरीर पर चाकू के 17 घाव मिले थे।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रिमांड पर बहू शालू, नौकर विशाल और राजकिशोर से कई दौर में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सुब्रत का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने सुब्रत को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि विशाल वर्ष 2012 से 2022 तक विनीत के मेडिकल स्टोर पर काम करता था। चोरी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, बाद में विशाल ने सुब्रत के साथ मिलकर उसके पिता के मेडिकल स्टोर से चोरी करने में भी मदद की।
पुलिस का दावा है कि सुब्रत पर करीब 40 लाख रुपए का कर्ज था और पिता की ओर से उसे 40 हजार रुपए प्रति माह वेतन दिया जाता था। कर्ज चुकाने के लिए वह पिता के मेडिकल स्टोर से चोरी करता था। इसी दौरान उसने पिता की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, सुब्रत ने पिता की हत्या के लिए छह लाख रुपए की सुपारी तय की थी और आरोपियों को दो लाख रुपए एडवांस में दिए थे। उसने आरोपियों से यह भी कहा था कि अगर वे पकड़े जाएं, तो हत्या के मामले में उसकी पत्नी शालू का नाम लें।
रिमांड के दौरान पूछताछ में बहू शालू ने पुलिस से कथित तौर पर कहा कि उसके पति सुब्रत को छोड़ दिया जाए और उसे जेल भेज दिया जाए। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, पैसों के लेनदेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
Tagsविनीत मिनोचा हत्याकांडकानपुर पुलिसदवा व्यापारी विनीत मिनोचा हत्याकांडVineet Minocha murder caseKanpur Policepharmaceutical trader Vineet Minocha murder case
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





