भारत

फेक न्यूज से बचते हुए मीडिया को निभानी चाहिए सकारात्मक भूमिका: संघ

jantaserishta.com
8 May 2023 6:21 PM GMT
फेक न्यूज से बचते हुए मीडिया को निभानी चाहिए सकारात्मक भूमिका: संघ
x
नई दिल्ली (आईएएनएस)| राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर ने मीडिया से फेक न्यूज से बचते हुए देश और समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव में संघ की भूमिका को स्पष्ट करते हुए यह दावा भी किया कि संघ ने कभी भी किसी एजेंसी को हायर करके चुनाव सर्वे नहीं कराया है। इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र द्वारा नई दिल्ली में आयोजित देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर बोलते हुए संघ नेता नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि चेतावनी और सलाह देना ही मीडिया की भूमिका है। मीडिया को हमेशा नकारात्मक भूमिका में नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसकी भूमिका सकारात्मक होनी चाहिए।
फेक न्यूज के खतरे के प्रति आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि फेक न्यूज का सबसे ज्यादा शिकार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ही रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज के मन को औपनिवेशिक मानसिकता से निकालने में मीडिया की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है और मीडिया को स्वंय भी इस औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलना होगा। उन्होंने कहा कि मीडिया सहित समाज के सभी क्षेत्रों में स्व (भारतीयता) की भावना को जागृत करना होगा।
केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ मीडिया है, लेकिन टीआरपी की रेस की वजह से इसमें कई बुराइयां भी आ गई हैं। उन्होंने देश में लगातार बढ़ रही आबादी और जनसंख्या के बिगड़ रहे अनुपात पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत मूल रूप से हिंदू राष्ट्र था। उन्होंने धर्म परिवर्तन और देश में धर्म विशेष से जुड़े कट्टरपंथ पर भी चिंता जताते हुए कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।
केंद्रीय सूचना आयुक्त उदय माहुरकर ने देश में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा की घटनाओं के कारणों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि 60 सालों तक देश में एक खास विचारधारा का प्रभाव हर क्षेत्र में दिखता था और उस वातावरण में सत्य के लिए संघर्ष करना पड़ता था।
हालांकि उदय माहुरकर द्वारा मुस्लिम समाज के सहिष्णु वर्ग, कट्टरपंथ और मुगल शासक अकबर को लेकर कही गई कई बातों पर उनके बाद बोलने के लिए खड़े हुए केंद्रीय मंत्री बघेल ने ऐतराज भी जताया।
राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े संगठन इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र के तत्वावधान में सोमवार को नई दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित महाराष्ट्र सदन में देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान समारोह-2023 का आयोजन किया गया। देवऋषि नारद की जयंती के अवसर पर समाज में पत्रकारिता जगत के योगदान एवं महत्व पर प्रकाश डालने तथा पत्रकारों की तपस्या एवं बलिदान को सम्मान देने के लिए आयोजित इस सम्मान समारोह में विभिन्न श्रेणियों में 11 पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
स्वाति गोयल शर्मा को स्त्री सरोकार एवं महिला संवेदना पत्रकारिता देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान, डॉ. ओम प्रकाश यादव को ग्रामीण पत्रकारिता देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान, मनु त्यागी को न्यूज रूम सहयोग देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान, नरेंद्र कुमार वर्मा को डिजिटल पत्रकार देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान, शिवम दीक्षित को सोशल मीडिया पत्रकार देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान, ध्रुव कुमार को उत्कृष्ट छायाकार (प्रिंट) देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान, अमित कुमार को उत्कृष्ट छायाकार (टी. वी) देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान, हर्षवर्धन त्रिपाठी को उत्कृष्ट स्तंभकार देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान, एस वेंकट नारायण, को विदेशी पत्रकारिता (भारत संबंधित पत्रकारिता) देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान और सागर कुमार को उत्कृष्ट साहसिक पत्रकार देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान से सम्मानित किया गया।
वहीं आदित्य राज कौल को उत्कृष्ट पत्रकार देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान से सम्मानित किया गया।
Next Story