भारत

व्हाइट हाउस से मीडिया बाहर, ट्रंप के फैसले पर बड़े चैनलों का पलटवार

SHIDDHANT
21 Sept 2026 11:41 PM IST
व्हाइट हाउस से मीडिया बाहर, ट्रंप के फैसले पर बड़े चैनलों का पलटवार
x
ट्रंप के आदेश के बाद मीडिया की बड़ी चाल साझा
Washington. वॉशिंगटन। अमेरिका में व्हाइट हाउस और मीडिया संस्थानों के बीच विवाद बढ़ गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा CNN, MS NOW और POLITICO के पत्रकारों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद कई प्रमुख अमेरिकी टीवी नेटवर्कों ने राष्ट्रपति कार्यक्रमों की साझा वीडियो पूल कवरेज से दूरी बनाने का फैसला किया है। रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस ने इन मीडिया संस्थानों पर कथित रूप से गलत खबरें प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए उनके पत्रकारों के एक्सेस पर प्रतिबंध लगाया। इसके बाद अमेरिका के प्रमुख टीवी नेटवर्क Fox News, ABC News, CBS News, CNN और NBC News ने संयुक्त रूप से पूल कवरेज को लेकर बयान जारी किया।
मीडिया नेटवर्कों ने कहा कि जनता को अपनी सरकार के कामकाज की सटीक और स्वतंत्र जानकारी मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी प्रशासन की खबरों से असहमति के आधार पर किसी समाचार संगठन की रिपोर्टिंग पर रोक नहीं लगाई जानी चाहिए। व्हाइट हाउस का टीवी पूल सिस्टम राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की वीडियो कवरेज साझा करने की व्यवस्था है। इसमें सीमित स्थान या सुरक्षा कारणों से सभी चैनलों के पत्रकार मौजूद नहीं रह पाते, इसलिए कुछ नेटवर्क कैमरा कवरेज करते हैं और उसे अन्य मीडिया संस्थानों को उपलब्ध कराते हैं।
सोमवार को पूल कवरेज की जिम्मेदारी CNN के पास थी, लेकिन प्रतिबंध के कारण वह कवरेज नहीं कर सका। इसके बाद अन्य नेटवर्कों के पास CNN की जगह कवरेज करने या इस व्यवस्था में शामिल नहीं होने का विकल्प था। नेटवर्कों ने साझा पूल कवरेज नहीं करने का फैसला किया। हालांकि, मीडिया संस्थानों के इस कदम का मतलब यह नहीं है कि उन्होंने ट्रंप प्रशासन की पूरी कवरेज बंद कर दी है। चैनल अन्य माध्यमों से राष्ट्रपति और प्रशासन से जुड़ी खबरें कवर करते रहेंगे।
इस बीच CNN, MS NOW और POLITICO ने व्हाइट हाउस के फैसले के खिलाफ वाशिंगटन डीसी की संघीय अदालत का रुख किया है। मीडिया संस्थानों ने अदालत से प्रतिबंध पर अस्थायी रोक लगाने की मांग की है। इन संस्थानों का कहना है कि पत्रकारों की पहुंच सीमित करना प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े अधिकारों को प्रभावित करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उचित प्रक्रिया और पर्याप्त नोटिस के बिना प्रेस एक्सेस छीना गया। विवाद की शुरुआत तब हुई जब व्हाइट हाउस पहुंचे इन तीनों संस्थानों के पत्रकारों को परिसर में प्रवेश से रोका गया। पत्रकारों के अनुसार, उनके प्रेस क्रेडेंशियल्स भी वापस ले लिए गए।मामला अब अदालत तक पहुंच चुका है और आगे की कार्रवाई पर अमेरिकी मीडिया और प्रशासन के बीच विवाद जारी रहने की संभावना है।
Next Story