
x
सत्य निकेतन में बगल की इमारत गिराने की कार्रवाई शुरू
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अवैध निर्माण और नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की ओर से पिछले दो दिनों में करीब 1100 पेइंग गेस्ट (PG) का सर्वे किया गया, जिसमें लगभग 20,250 छात्र रह रहे हैं। MCD की जांच के दौरान कई संपत्तियों में निर्माण संबंधी खामियां और नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। इसके बाद निगम ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई शुरू कर दी है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो दिनों में 24 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) की कार्रवाई की गई, जबकि 7 संपत्तियों को सील किया गया है। इसके अलावा नियमों का पालन नहीं करने वाली 35 संपत्तियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। निगम ने 6 सीलिंग शो-कॉज नोटिस भी जारी किए हैं, जबकि 27 संपत्तियों के खिलाफ डिमोलिशन ऑर्डर जारी किए गए हैं।
सत्य निकेतन में बगल की इमारत गिराने की कार्रवाई शुरू
सत्य निकेतन में 6 सितंबर को हुए हादसे के बाद अब हादसे वाली इमारत से सटी बिल्डिंग को भी गिराने का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद इस इमारत की मजबूती को लेकर चिंता जताई गई थी। MCD कमिश्नर संजीव खिरवार ने पहले बताया था कि हादसे वाली इमारत के पास स्थित बिल्डिंग कमजोर हो गई है और इसे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। इसी के तहत अब ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
PG और इमारतों की सुरक्षा पर विशेष नजर
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में PG और अन्य इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। इसके बाद MCD ने राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान शुरू किया है। निगम की टीम यह पता लगा रही है कि PG और अन्य संपत्तियों में निर्माण नियमों, सुरक्षा मानकों और संचालन से जुड़े प्रावधानों का पालन किया जा रहा है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
तीन महीने में 959 संपत्तियों पर कार्रवाई
MCD की एक्शन टेकन रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून से 31 अगस्त के बीच अवैध निर्माण के खिलाफ 959 संपत्तियों पर डिमोलिशन की कार्रवाई की गई है। वहीं, 1 जून से 8 सितंबर तक 471 संपत्तियों को सील किया गया। इसी अवधि में अनधिकृत निर्माण के मामलों में 1551 शो-कॉज नोटिस जारी किए गए, जबकि 753 डिमोलिशन ऑर्डर भी जारी किए गए हैं। MCD अधिकारियों के मुताबिक, 8 सितंबर को भी 17 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। निगम का कहना है कि राजधानी में कमजोर और नियमों के खिलाफ बने भवनों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Next Story





