भारत

आज बांदा पहुंच रही मायावती, जनसभा को करेंगी संबोधित

Nilmani Pal
15 May 2024 2:05 AM GMT
आज बांदा पहुंच रही मायावती, जनसभा को करेंगी संबोधित
x

यूपी। बसपा सुप्रीमो मायावती आज बुधवार को बांदा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। उनकी सभा अतर्रा स्थित हिंदू इंटर कॉलेज मैदान में होगी। बसपा इस बार अपने दम पर चुनाव लड़ रही है। बसपा ने बहुजन हिताय व बहुजन सुखाय के व्यापक हित व कल्याण के मद्देनजर किसी से गठबंधन नहीं किया है। पूरे देश में अपनी पार्टी के लोगों के ही तन, मन, धन के बल पर पूरी तैयारी व दमदारी के साथ अकेले यह संसदीय आमचुनाव लड़ रही है।

झांसी में बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों की सरकार है। 400 के पार पर पटलवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अबकी बार भाजपा की हार। वह मंगलवार को झांसी के गुरसरांय स्थित खेर इंटर कॉलेज में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं। झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी रवि प्रकाश कुशवाहा व जालौन-भोगनीपुर-गरौठा से सुरेशचंद्र गौतम के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों ने चंदा लिया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सरकारी जांच एजेंसियों को हाथ की कठपुतली बना लिया है। वह उन्हीं के इशारे में काम कर रही हैं। अब तक इन सभी दलों ने बुंदेलखंड को लूटने का काम किया है। बुंदेलखंड क्षेत्र को राज्य बनाने का काम बहुजन समाज पार्टी की सरकार करेगी। सपा सरकार में एससी-एसटी, अन्य पिछड़े कर्मचारियों को पदोन्नत तक नहीं किया गया। वर्तमान सरकार में हिंदुत्व की आड़ में उत्पीड़न किया जा रहा है। कहा कि भाजपा सरकार महंगाई में अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई है। वह किसानों और गरीबों को लूट रही है। कहा, फ्री राशन से गरीब का भला नही होगा। उन्हें रोजगार नहीं दिया जाता।

Next Story