भारत
'रंगों का त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लाए', पीएम मोदी ने देशवासियों को दीं होली की शुभकामनाएं
jantaserishta.com
4 March 2026 9:17 AM IST

x
नई दिल्ली: रंगों के त्योहार होली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है।"
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, "होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है। यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है। हर तरफ जिस प्रकार खुशियों के रंग बिखरे नजर आते हैं, वो हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर जाता है।"
उन्होंने होली के अवसर पर 'संस्कृत सुभाषितम्' भी शेयर किया और लिखा, "उद्भिन्नस्तबकावतंससुभगाः प्रे खन्मरुन्नर्तिताः, पुष्पोद्गीर्णपरागपांशुललसत्पत्रप्रकाण्ड त्विषः। गम्भीरक्रमपञ्चमोन्मदपिकध्वानोच्छलद्गीतयः, प्रत्युज्जीवितमन्मथोत्सव इव क्रीडन्त्यमू भूरुहः॥"
'संस्कृत सुभाषितम्' में कहा गया है, "वसंत की मनमोहक हवा के झोंकों से जैसे सुंदर कमल खिल उठते हैं, वैसे ही रंग-बिरंगे फूलों और सुगंध से सजे हुए प्रेम का भव्य उत्सव पूरे आनंद से फैल रहा है। चारों ओर मधुर गीत गूंज रहे हैं, जो मानो जीवन में फिर से नई चेतना जगा रहे हैं।"
इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पोस्ट किया, "रंगों का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।"
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने होली की शुभकामनाएं देते हुए 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "यह खूबसूरत त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत और बसंत के आने का जश्न मनाता है, जो हमारी सभ्यता की नई शुरुआत, उम्मीद और जोश का प्रतीक है।"
उन्होंने आगे लिखा, "हमारी समृद्ध परंपराओं में गहराई से जुड़ी होली भाईचारे, आपसी सम्मान और साझा खुशी को दिखाती है जो हमारे समाज के ताने-बाने को मजबूत करती है। होली के रंग हर दिल को खुशी और नई ऊर्जा से भर दें। यह त्योहार हमें सद्भाव फैलाने और अधिक समावेशी, शांतिपूर्ण व 'विकसित भारत' के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा दे।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





