भारत

ब्रिज से गिरा मेटाडोर, चालक और कंडक्टर की हुई दर्दनाक मौत

Nilmani Pal
28 May 2022 2:06 AM GMT
ब्रिज से गिरा मेटाडोर, चालक और कंडक्टर की हुई दर्दनाक मौत
x
सांकेतिक तस्वीर 
बड़ा हादसा

जम्मू। तेज रफ्तार मेटाडोर के पुल से तवी में गिरने से चालक और कंडक्टर की मौत हो गई है। यह हादसा शुक्रवार रात नौ बजे हुआ है। मेटाडोर बिक्रम चौक से पुराने शहर की ओर जा रही थी। फिलहाल दोनों शवों को जीएमसी जम्मू के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मरने वालों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात नौ बजे बिक्रम चौक से पुुराने शहर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार मेटाडोर बिक्रम चौक पुल की करीब 50 मीटर रेलिंग तोड़ कर तवी पुल से नीचे जा गिरी। मेटाडोर में केवल चालक और सह चालक ही थे। रफ्तार इतनी अधिक थी कि मेटाडोर तवी में गिरने के बाद दूसरी तरफ पलट गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग व वेयरहाउस पुलिस नाके पर तैनात पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मेटाडोर से दोनों लोगों को बाहर निकाल कर जीएमसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। देर रात तक मरने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि मेटाडोर की रफ्तार बहुत तेज थी। देखते ही देखते वह तवी पुल की रेलिंग तोड़ती हुई नीचे गिर गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब तवी पुल से नीचे कोई यात्री वाहन गिरा हो। जिस जगह हादसा हुआ है वहां से कुछ मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का दौरा कर घटना की जानकारी हासिल की।

रात में अंधेरा होने के बावजूद दुर्घटनाग्रस्त मेटाडोर को बाहर निकालने का काम देर रात तक जारी रहा। जेसीबी की मदद से उसे निकाला जा रहा था। देर रात एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने मेटाडोर को निकालने में मदद की। तवी बैराज के काम में लगे मजदूरों ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग किया। हादसा होते ही पुल से गुजरने वाले लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। वाहनों की कतारें भी लग गईं। इससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस वालों ने मौके से लोगों को हटाकर जाम से वाहनों को निकाला।


Next Story