
x
ईरान ने नियमों के उल्लंघन का लगाया आरोप
तेहरान। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी क्षेत्र में एक तेल टैंकर में आग लगने की घटना सामने आई है। ईरान की नौसेना ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को बताया कि उसकी निगरानी टीमों ने एक ऐसे तेल टैंकर का पता लगाया, जो कथित तौर पर समुद्री नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजरने की कोशिश कर रहा था। ईरानी नौसेना के अनुसार, जहाज ने अपना ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर रखा था। हालांकि, टैंकर में आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने का आरोप
ईरानी सेना की ओर से जारी बयान के मुताबिक, नौसेना की निगरानी टीमें होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से और ओमान की खाड़ी में जहाजों की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। इसी दौरान एक तेल टैंकर प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र से गुजरने की कोशिश करता दिखाई दिया। नौसेना का दावा है कि जहाज का इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकिंग सिस्टम बंद था। निगरानी के दौरान टैंकर में आग लगने की जानकारी सामने आई। हालांकि, आग लगने का कारण, जहाज की पहचान और चालक दल की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
मंगलवार को भी सामने आई थी ऐसी घटना
ईरानी नौसेना ने इससे पहले मंगलवार, 13 अक्टूबर को भी एक तेल टैंकर के क्षतिग्रस्त होने और उसमें आग लगने की जानकारी दी थी। नौसेना के मुताबिक, वह जहाज भी ट्रैकिंग सिस्टम बंद करके प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजर रहा था। इस दौरान उसे नुकसान पहुंचा और आग लग गई। इन घटनाओं के बाद ईरानी नौसेना ने समुद्री निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है।
होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने का दावा
ईरानी सेना के समन्वय उप-प्रमुख हबीबोल्लाह सय्यारी ने गुरुवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और यहां से किसी भी जहाज की आवाजाही के लिए ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय जरूरी है। उन्होंने बताया कि जलडमरूमध्य के पश्चिमी हिस्से पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना निगरानी कर रही है। वहीं, पूर्वी हिस्से से लेकर ओमान की खाड़ी के उत्तरी क्षेत्र तक ईरानी सेना की नौसैनिक इकाइयां तैनात हैं।
सभी जहाजों को ईरानी नौसेना की चेतावनी
ईरानी नौसेना ने समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और ट्रैकिंग सिस्टम चालू रखने की सलाह दी है। नौसेना ने कहा कि जहाजों को अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करना चाहिए और सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरानी सशस्त्र बलों के साथ जरूरी तालमेल बनाए रखना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर बढ़ी चिंता
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और गैस परिवहन के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यहां जहाजों पर हमलों और आवाजाही संबंधी प्रतिबंधों से अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। हाल के दिनों में इस क्षेत्र में कई वाणिज्यिक जहाजों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। फिलहाल गुरुवार को आग लगने वाले टैंकर की पहचान, चालक दल की स्थिति और नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
Next Story





