भारत

प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 7 घंटे से जारी बुझाने का प्रयास

Shantanu Roy
16 May 2026 2:17 PM IST
प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 7 घंटे से जारी बुझाने का प्रयास
x
जांच में जुटी पुलिस
Indore. इंदौर। इंदौर में धार रोड स्थित प्लास्टिक दाना बनाने वाली एक फैक्ट्री में शनिवार सुबह करीब 7 बजे भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि काला धुआं और आग का गुब्बार कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था। फैक्ट्री डीयू ड्रॉप एरिगेशन में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए पोकलेन मशीन और फायर फाइटिंग रोबोट भी मौके पर मंगाए गए। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 7 गाड़ियां लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। अब तक करीब 45 टैंकर पानी का उपयोग किया जा चुका है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और इसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। RRCAT के डिप्टी फायर ऑफिसर अजय कुमार ने बताया कि मौके पर पानी के पर्याप्त स्रोत नहीं होने के कारण आग बुझाने में परेशानी आ रही है। इस वजह से दूसरे स्थानों से पानी के टैंकर बुलाकर दमकल वाहनों को लगातार भरा जा रहा है ताकि आग पर नियंत्रण पाया जा सके। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा दिया गया है।
जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। मौके पर भारी धुआं फैलने के कारण लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उधर, एक अन्य घटना में सांवेर रोड एफ सेक्टर स्थित रुई के कतरन के गोदाम में भी आग लगने की सूचना मिली है, जहां दमकल विभाग की टीम पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई है। लगातार दो जगह आग लगने की घटनाओं ने शहर की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने कहा है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा।
Next Story