भारत

DAV स्कूल में लगी भीषण आग, कंप्यूटर लैब जलकर राख

Shantanu Roy
29 April 2026 4:16 PM IST
DAV स्कूल में लगी भीषण आग, कंप्यूटर लैब जलकर राख
x
जल्द होंगे कई बड़े खुलासे
Katni. कटनी। कुठला थाना क्षेत्र स्थित DAV पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में कंप्यूटर लैब सहित कई कमरे इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्कूल को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय स्कूल भवन से अचानक धुआं उठता देखा गया। शुरुआती दौर में स्टाफ और प्रबंधन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने कंप्यूटर लैब को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
आग की सूचना मिलते ही नगर निगम के बस स्टैंड जोन से दमकल वाहन मौके पर भेजा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि तब तक कंप्यूटर लैब में रखे दर्जनों कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर और कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में फायर सेफ्टी उपकरण या तो पर्याप्त नहीं थे या फिर वे ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इसके चलते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और नियंत्रण से बाहर हो गई।
इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति में निकास व्यवस्था और बचाव कार्य को लेकर भी स्कूल स्टाफ की तैयारी कमजोर नजर आई। छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। कुठला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। फिलहाल स्कूल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित हिस्सों को सुरक्षित करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर किया है।
Next Story