भारत

लाल किले के पास भयंकर धमाका: 8 की मौत, PM मोदी ने ली स्थिति की जानकारी

Shantanu Roy
10 Nov 2025 8:50 PM IST
लाल किले के पास भयंकर धमाका: 8 की मौत, PM मोदी ने ली स्थिति की जानकारी
x
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किले के पास खड़ी एक कार में हुए हाई इंटेंसिटी ब्लास्ट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई और मौके पर अफरातफरी मच गई। इस घटना में अब तक 8 लोगों की मौत और 5 से अधिक लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धमाके के बाद हालात की समीक्षा की। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका
सूत्रों के मुताबिक, धमाका शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। टीमों ने पहुंचकर देखा कि एक इको वैन पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी और उसके आसपास खड़ी छह से सात गाड़ियों में आग लगी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रात देर तक घटनास्थल को खाली कराया गया और पूरे क्षेत्र की पुलिस ने घेराबंदी कर दी। आसपास के सभी मार्गों पर यातायात रोक दिया गया है।
विस्फोट में उच्च क्षमता वाले पदार्थ का संदेह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट की तीव्रता अत्यधिक थी। इससे यह संकेत मिल रहे हैं कि इसमें किसी हाई एक्सप्लोसिव मटेरियल का इस्तेमाल हुआ है। हालांकि, जांच टीमें यह भी देख रही हैं कि क्या धमाका किसी सीएनजी सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से हुआ या फिर जानबूझकर लगाए गए विस्फोटक उपकरण से। पुलिस और फोरेंसिक टीमें घटनास्थल से नमूने एकत्र कर रही हैं। वहीं, कार के अवशेषों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
एनआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर
धमाके की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीमें घटनास्थल पर पहुंची हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ और बम निरोधक दस्ते ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। एनआईए के अधिकारी स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कार किसकी थी, कैसे वहां पहुंची और उसमें क्या सामग्री मौजूद थी। सूत्रों के अनुसार, धमाके से कुछ देर पहले कार को लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर पार्क किया गया था। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि कार को किसने वहां छोड़ा। घटना स्थल के पास मौजूद चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली समेत देशभर में हाई अलर्ट
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट पर रखा है। प्रमुख बाजारों, मेट्रो स्टेशनों, सरकारी इमारतों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। वहीं, मुंबई पुलिस ने भी सुरक्षा बढ़ा दी है। शहर के रेलवे स्टेशनों, मॉल, धार्मिक स्थलों और पर्यटक स्थलों पर पेट्रोलिंग और नाकेबंदी तेज कर दी गई है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है।
यूपी में योगी सरकार ने जारी किया हाई अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी इस धमाके के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों में पुलिस गश्त बढ़ाने, ड्रोन से निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। नोएडा और गाजियाबाद में पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। सेक्टर-18, मेट्रो स्टेशन और मुख्य बाजारों में वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद ली जा रही है।
राजधानी में बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली पुलिस ने लाल किले, चांदनी चौक, इंडिया गेट, संसद मार्ग और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जांच के सभी एंगल खंगाले जा रहे हैं और जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। धमाके के कारण राजधानी में दहशत का माहौल है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए चौकसी बरत रही हैं।
Next Story