स्टूल के सहारे फंदे में झूल गई शादीशुदा महिला, बंद कमरे में मिली लाश

यूपी। कुशीनगर जिले में दर्दनाक कहानी सामने आई है. यहां कसया नगर में एक शादीशुदा महिला ने अपने घर में आत्महत्या कर ली. यह मामला नेहा गुप्ता नाम की महिला मौत से जुड़ा है. नेहा के कमरे का दरवाजा बंद था. जब घरवालों ने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला. सूचना पुलिस को दी गई. कुछ देर बाद पुलिस पहुंची. दरवाजा तोड़ा गया और वहां नेहा फंदे से झूल रही थी. यह नजारा देख सभी सन्न रह गए.
एजेंसी के अनुसार, 28 साल की नेहा गुप्ता की शादी पांच साल पहले गोरखपुर के पिपराइच में हुई थी. ससुराल में शुरुआती वक्त तो हंसी-खुशी से बीता, लेकिन वक्त के साथ रिश्तों में दरारें पड़ने लगीं. नेहा और उसके पति संदीप मधेशिया के बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होने लगे. शादी के कुछ ही महीने बाद इन तकरारों ने रिश्ते की मिठास को कड़वाहट में बदल दिया.
पुलिस भी एक बार बीच-बचाव के लिए आई थी, जब कुछ दिन पहले एक झगड़े ने घर का माहौल बिगाड़ दिया था. लेकिन मंगलवार को जो हुआ, वो दर्दनाक था. CCTV फुटेज में नेहा दिखाई दी. पहले वह ऊपर के कमरे में गई, फिर एक लाल प्लास्टिक का स्टूल लिया और दरवाजा बंद कर जिंदगी खत्म कर ली. पुलिस का कहना है कि नेहा गुप्ता के द्वारा कमरे का दरवाजा नहीं खोलने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो वह फंदे से लटकी हुई मिली.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने जांच के लिए घर में लगे सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं. परिवार के लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे और महिला ने कई बार आत्महत्या की धमकी दी थी. बीते शनिवार को फिर से विवाद हुआ था, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी थी. मौके पर पहुंची एक महिला पुलिस अधिकारी ने मामला शांत कराया था. सर्किल ऑफिसर कुंदन सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आत्महत्या का मामला है.





