भारत

सर्जन बताकर तय किया रिश्ता, दहेज में AC, फ्रिज मांगने का आरोप, बिना दुल्हन लौटी बारात

SHIDDHANT
25 Nov 2026 9:44 PM IST
सर्जन बताकर तय किया रिश्ता, दहेज में AC, फ्रिज मांगने का आरोप, बिना दुल्हन लौटी बारात
x
दहेज की मांग पर भड़की दुल्हन
मध्य प्रदेश। जबलपुर में एक विवाह समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके परिवार पर दहेज की मांग करने का आरोप लगाया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच कथित तौर पर मारपीट होने लगी और शादी टूट गई। रिश्ता तय करते समय दूल्हे को सर्जन बताया गया था, जबकि दुल्हन पक्ष के मुताबिक वह मेडिकल क्षेत्र में पर्चियां बनाने का काम करता है। अब दुल्हन ने अपने पिता और परिवार के सदस्यों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गोराबाजार निवासी ज्योति कोरी की शादी लालमाटी निवासी निखिल कोरी के साथ 24 नवंबर को बंधन बारात घर में होनी थी। करीब एक साल पहले दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय हुआ था। ज्योति का आरोप है कि उस समय निखिल को सर्जन बताया गया था। बाद में पता चला कि वह पर्चियां बनाने का काम करता है और उसकी मासिक कमाई करीब 15 हजार रुपये है। इसके बावजूद दुल्हन पक्ष शादी के लिए तैयार था।
दुल्हन के पिता मुरारीलाल कोरी के मुताबिक, विवाह की रस्मों के दौरान दूल्हे पक्ष ने पहले अंगूठी और फिर सोने की चेन की मांग की। बेटी की शादी में कोई बाधा न आए, इसलिए परिवार ने दोनों मांगें पूरी कर दीं। इसके बाद जयमाला की रस्म संपन्न हुई।
आरोप है कि भोजन के समय दूल्हे पक्ष ने एसी की मांग कर दी। इसका विरोध करने पर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो मारपीट तक पहुंच गई। ज्योति ने दूल्हे की बहन पर गाली-गलौज करने और चप्पल फेंककर मारने का भी आरोप लगाया है। लगातार मांगों और विवाद से परेशान होकर ज्योति ने निखिल से विवाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस लौट गया।
बुधवार को ज्योति अपने पिता और परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। एडिशनल एसपी मनीष भारद्वाज ने बताया कि शिकायत में लड़के पक्ष पर एक लाख रुपये नकद, एसी, फ्रिज और अन्य सामान मांगने का आरोप लगाया गया है। संबंधित थाना प्रभारी को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
Next Story