भारत

शादी का दबाव, मासूम की मौत! प्रेमिका से शादी के लिए बच्चे की बलि

SHIDDHANT
17 Jun 2026 8:08 PM IST
शादी का दबाव, मासूम की मौत! प्रेमिका से शादी के लिए बच्चे की बलि
x
आरोपी बैंक कर्मचारी गिरफ्तार
Meerut मेरठ: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका पर विवाह का दबाव बनाने के लिए उसके सात वर्षीय बेटे का अपहरण कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के रामराज गांव निवासी 7 वर्षीय अंगदवीर 16 जून को अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी अंकित शर्मा, जो एक निजी बैंक में कर्मचारी बताया जा रहा है, उसे अपने साथ ले गया। जब देर शाम तक बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
जांच के दौरान सामने आया कि बच्चे की मां गुरप्रीत कौर अपने पति से अलग रह रही थीं और उनका आरोपी अंकित शर्मा के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी महिला पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन महिला के पति द्वारा तलाक देने से इनकार किए जाने के कारण वह नाराज था।
पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में अंकित ने बच्चे का अपहरण किया और रास्ते में उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र स्थित भद्रकाली जंगल में फेंक दिया। घटना के लगभग 25 घंटे बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Next Story