
x
दूल्हे के अफेयर का खुलासा, शादी टूटी तो दोनों पक्षों में मारपीट
RIWA रीवा: जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के डिहिया माडौ गांव में तिलक समारोह के दौरान एक शादी अचानक विवाद में बदल गई। दूल्हे के कथित अफेयर का खुलासा होने के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार को तिलक कार्यक्रम के लिए लड़की पक्ष दूल्हे के घर पहुंचा था। कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया पर दूल्हे की एक अन्य युवती के साथ तस्वीरें और वीडियो सामने आए। दुल्हन पक्ष ने जब इस बारे में जानकारी मांगी तो विवाद शुरू हो गया। इसके बाद लड़की वालों ने शादी करने से मना कर दिया।
आरोप है कि शादी टूटने से नाराज दूल्हा पक्ष के लोगों ने लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की। घटना में लड़की के भाई समेत कई लोगों को चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान तिलक में ले जाया गया नकद और दहेज का सामान भी छीन लिया गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बैकुंठपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तिलक समारोह में शुरू में माहौल सामान्य था, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Next Story





