भारत

पकौड़ी खाकर कई लोग पड़े बीमार, महिलाएं ज्यादा, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

jantaserishta.com
10 April 2024 7:41 AM GMT
पकौड़ी खाकर कई लोग पड़े बीमार, महिलाएं ज्यादा, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
x
कई लोगों को अस्‍पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
मथुरा: कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाकर मथुरा में डेढ़ दर्जन लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कई लोगों को अस्‍पताल में भर्ती कराना पड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए हैं। सूचना मिलने पर एसडीएम, सीएमओ-सीएमएस सहित कई अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और भर्ती मरीजों का हाल जाना।
जानकारी के अनुसार बीमार हुए लोगों ने नवरात्रि पर व्रत रखा था। उन्‍होंने कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाई थी। पकौड़ी खाने के बाद ही कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर मथुरा के विकास नगर की रहने वाली मालती देवी ( उम्र 45 वर्ष), ज्योति (उम्र 22 वर्ष), नंदिनी (उम्र 09 वर्ष), केवल सिंह (उम्र 52 वर्ष), सपना (उम्र 45 वर्ष), अंशुल (उम्र 10 वर्ष), चंचल ( उम्र 16 वर्ष) और निशा तिवारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा द्वारकेश कॉलोनी मंडी चौराहा निवासी रंजना राठौर, खुशी राठौर, पायल, चंचल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भर्ती मरीजों के परिवारीजनों ने बताया कि मंडी चौराहा स्थित एक दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा था और पकौड़ी बनाकर खाई थी। रात में एक-एक कर परिवार के लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी को पेट दर्द तो किसी को उल्टी दस्त और घबराहट होने लगी। सुबह इन सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। सीएमएस डॉ. मुकुंद बंसल द्वारा मरीजों से पूछताछ की गई। उन्‍होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
इधर, सूचना पर डीएम के निर्देश पर एसडीएम, सीएमओ डाक्टर एके वर्मा, कंट्रोल रूम प्रभारी डाक्टर भूदेव सिंह और अन्‍य स्वास्थ्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्‍होंने मरीजों का हाल जाना। इमरजेंसी में तैनात डॉक्‍टरों और कर्मचारियों से अधिकारियों ने बीमार हुए लोगों के बारे में जानकारी ली। उन्‍होंने इलाज संबंधी रिकार्ड भी देखे। सभी की हालत अब ठीक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि जिस दुकानदार से कुट्टू का आटा खरीदा गया था वह भी अस्पताल पहुंचा था लेकिन लोगों का गुस्‍सा देख वह लौट गया। इधर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इस बारे में पूछताछ शुरू कर दी है।
Next Story