भारत
यूपी के कई जिले बाढ़ से प्रभावित, CM योगी ने IAS अफसरों को कैंप करने के दिए निर्देश
Deepa Sahu
3 Sept 2021 11:51 PM IST

x
यूपी के कई जिले बाढ़ से प्रभावित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश के 15 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ के साथ बीमारियां बढ़ रही हैं। इसे लेकर एक-एक सीनियर आईएएस अधिकारी को प्रदेश के हर जिले में नोडल अधिकारी के रूप में तैनात करने के लिए उन्होंने आज ही निर्देश जारी किए हैं। अधिकारी हर जिले में चार से पांच दिनों तक कैम्प करेंगे और व्यवस्था देखेंगे।
शुक्रवार अपराह्न बहराइच के महसी तहसील के राजीचौराहा स्थित राजा भैया मेमोरियल इंटर कॉलेज के सामने मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों के राहत सामग्री वितरित करने के पहले ही निर्देश दिए जा चुके है। आपदा से जनहानि होने पर चार लाख व मकान क्षतिग्रस्त होने पर 95 हजार रुपये मुआवजा भी दिए जाने की व्यवस्था है। इसके पहले उन्होंने महसी, शिवपुर व मिहींपुरवा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया और बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। इसके बाद वह गोण्डा के लिए रवाना हो गए।
ड्रेनेज के माध्यम से नदियों को जोड़ने से कम रहा बाढ़ का प्रभाव
गोण्डा के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के बरौली बाबामठ पर हवाई सर्वेक्षण करने के बाद मीडिया से रूबरू मुख्यमंत्री ने कहा कि समय रहते ड्रेनेज के माध्यम से नदियों को जोड़ दिए जाने से बाढ़ का प्रभाव कम रहा है। जिले में मात्र दस राजस्व गांव ही बाढ़ से प्रभावित हैं। समय से पहले तैयारी करना काम आया, जिससे कोई तबाही नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बाढ़ राहत कार्य के लिए पर्याप्त मात्रा में धन उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने मौजूद अफसरों को बाढ़ घटने के बाद फसलों के नुकसान का सर्वे करने का भी आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पानी हटने के बाद 15 सितम्बर से संक्रामक रोगों से बचाव की कवायद शुरू कर दी जाए। क्षति का आकलन कराकर रिपोर्ट शासन को भेजें
बलरामपुर की उतरौला तहसील के पाला पाली गांव में शुक्रवार को बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने आए सीएम योगी ने कहा कि मंडल में सर्वाधिक नुकसान बलरामपुर का हुआ है। यहां की सात ग्राम पंचायते प्रभावित हुई हैं। बलरामपुर व उतरौला तहसील में लगभग 65 हजार लोगों को बाढ़ से दिक्कत हुई है। सर्वाधिक नुकसान धान व गन्ना फसल को हुआ है। जिला प्रशासन से कहा गया है कि फसलों की क्षति का आकलन कराकर रिपोर्ट शासन को भेजें। जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। सीएम योगी ने दस बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से राशन किट दी।
Next Story





