
दिल्ली। साल 2024 का आज आखिरी दिन है और आज से New Year 2025 की शुरुआत होने जा रही है. पहले दिन 1 जनवरी 2025 से ही देश में कई बड़े बदलाव (Rule Change From 1st January) भी लागू होने जा रहे हैं. जिसका असर हर घर और हर जेब पर देखने को मिलेगा. इनमें कुछ लोगों की जेब पर बोझ बढ़ाने वाले साबित होंगे, तो कुछ राहत भरे चेंज लागू हो रहे हैं. इन बदलावों में रसोई में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों (LPG Cylinder Price) से लेकर बैंक अकाउंट, यूपीआई पेमेंट (UPI Payment) और EPFO के नियम तक शामिल हैं.
हर महीने की पहली तारीख की तरह ही 1 जनवरी 2025 को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां रसोई और कॉमर्शियल एलपीजी गैस की कीमतों में संशोधन करेंगी और नए रेट जारी करेंगी. बीते कुछ समय से जहां कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल LPG Cylinder की कीमतों में कई बदलाव किए हैं, तो लंबे समय से देश में 14 किलो वाले रसोई सिलेंडर के दाम स्थिर हैं. ऐसे में इस बार लोगों को इसके भाव में बदलाव की उम्मीद है.
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां सिर्फ एलपीजी की कीमतों में ही नहीं, बल्कि हवाई ईंधन एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों को महीने की पहली तारीख को ही संशोधित करती हैं. ऐसे में अगर साल के पहले दिन 1 जनवरी को इनके दाम में बदलाव होता है, तो फिर हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा. 1 जनवरी 2025 को ही EPFO द्वारा पेंशनर्स के लिए नया नियम लागू किए जाने की तैयारी है, इस बड़े बदलाव के तहत अब पेंशनर्स अपनी पेंशन (Pension) राशि देश के किसी भी बैंक से निकाल सकेंगे और इसके लिए उन्हें किसी अतिरिक्त वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होगी.





