
x
नई दिल्ली: दीपावली के बाद प्रदूषण को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मंगलवार को दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी के नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आप जानबूझकर दीपावली और सनातन धर्म को बदनाम कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक वीडियो दिखाया और आरोप लगाया कि पंजाब में किसानों को जबरन पराली जलाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। सिरसा ने कहा, "आम आदमी पार्टी दीपावली को भाजपा का पर्व बताकर लोगों को गुमराह कर रही है, जबकि यह सनातन धर्म का त्योहार है। अरविंद केजरीवाल की टीम रामजी के इस पवित्र पर्व को कोस रही है। मैं पूछता हूं कि यह किस हक से रामजी के पर्व को अपवित्र बता रहे हैं? विपक्ष होना एक बात है, लेकिन किसी धर्म और उसकी परंपरा का अपमान क्यों?"
उन्होंने आगे कहा कि यह औरंगजेब के चाहने वालों की सोच है, जो आज सनातन धर्म के खिलाफ बोल रहे हैं। अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम सिर्फ एक धर्म को खुश करने के लिए हिन्दू आस्थाओं का अपमान कर रही है।
सिरसा ने कहा कि आंकड़े यह साबित करते हैं कि पटाखों से प्रदूषण में कोई बड़ा फर्क नहीं आया। उन्होंने कहा, "इस बार दीपावली से पहले दिल्ली का एक्यूआई 335 था और दीपावली के बाद 356 हुआ। यानी सिर्फ 21 प्वाइंट का फर्क आया। कई बार तो जब पटाखे पूरी तरह बैन थे, तब 32 प्वाइंट की बढ़ोतरी हुई थी, तो आखिर पटाखों को दोष क्यों दिया जा रहा है?"
उन्होंने कहा, "सड़कों पर खुलेआम बकरे काटे जाते हैं, लेकिन क्या अरविंद केजरीवाल कभी उन पर रोक लगाते थे? क्योंकि वे सिर्फ एक धर्म को खुश करना चाहते थे। यह दोहरा रवैया दिल्ली की जनता समझ चुकी है।"
दिल्ली के मंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने पिछले 10 साल में दिल्ली को 27 साल पीछे पहुंचा दिया। उन्होंने कहा, "हमने अब तक 27 हजार मीट्रिक टन कचरा हटाया है, लेकिन केजरीवाल सरकार की लापरवाही ने दिल्ली को कचरे और प्रदूषण के ढेर में बदल दिया। पिछले सात महीनों में हमने उस बीमारी पर काम शुरू किया है जो 27 साल से चली आ रही थी।"
सिरसा ने कहा कि दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम पूरी मेहनत से काम कर रहा है। हर स्तर पर प्रदूषण घटाने के कदम उठाए जा रहे हैं। सड़क सफाई से लेकर डस्ट कंट्रोल तक, हर काम में टीम जुटी है।
सिरसा ने आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा पराली जलाने की घटनाएं पंजाब में हुई हैं, जहां आम आदमी पार्टी की सरकार है। उन्होंने कहा, "दिल्ली की हवा को खराब करने की जिम्मेदारी पंजाब सरकार की है। वहां किसानों को सही विकल्प नहीं दिए जा रहे। उल्टा, उन्हें मजबूर किया जा रहा है कि वे पराली जलाएं ताकि इसका असर दिल्ली पर पड़े।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





