भारत

महेंद्र सिंह धोनी की बेटी को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाला व्यक्ति गिरफ्तार...जाने पूरा मामला

Kunti Dhruw
11 Oct 2020 4:41 PM GMT
महेंद्र सिंह धोनी की बेटी को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाला व्यक्ति गिरफ्तार...जाने पूरा मामला
x
सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की बेटी से कथित तौर पर दुष्कर्म करने की धमकी

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की बेटी से कथित तौर पर दुष्कर्म करने की धमकी देने वाले व्यक्ति को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किया गया व्यक्ति गुजरात के कच्छ जिले का रहने वाला है। इस व्यक्ति के खिलाफ झारखंड के रांची में रातु पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।

उल्लेखनीय है कि सात अक्तूबर को अबु धाबी के मैदान में हुए कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) मैच में केकेआर ने सीएसके को 10 रनों से हरा दिया था। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी रावत के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी बेटी को लेकर आपत्तिजनक कमेंट किए गए थे।

फैंस में दिखा था आक्रोश, नैतिकता पर उठाए सवाल

धोनी की बेटी जीवा के लिए दुष्कर्म की धमकियों की जानकारी मिलने पर लोगों में इसे लेकर खासा आक्रोश देखने को मिला था। एक ओर जब हाथरस में हुई कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है, ऐसे में एक पांच साल की बच्ची के लिए ऐसे कमेंट मानसिकता और नैतिकता पर सवाल उठाने वाले हैं।

सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि यही वजह है कि यह देश महिलाओं के लिए इतना असुरक्षित क्यों है। इन बेवकूफों की इतनी हिम्मत है कि एक पांच साल की बच्ची के लिए ऐसी बातें लिखें। महेंद्र सिंह धोनी के कुछ प्रशंसकों ने तो यहां तक कह दिया कि यह देश ही धोनी जैसे महान खिलाड़ियों के रहने लायक नहीं है।

इरफान पठान ने दिया था करारा जवाब

इसके साथ ही ऐसी बातें करने वालों को भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने भी करारा जवाब दिया था। इरफान पठान ने ट्विटर पर लिखा था कि सभी खिलाड़ी अपना बेहतर दे रहे हैं। कभी-कभी वह अच्छा नहीं खेल पाते हैं तो इसका मतलब यह नहीं है कि कोई छोटे बच्चे को इस तरह की धमकी दे।

Next Story