भारत

यूट्यूब से सीखा ताला तोड़ना, जैन मंदिर में चोरी करने वाला गिरफ्तार

shiddhant
25 Aug 2026 10:45 AM IST
यूट्यूब से सीखा ताला तोड़ना, जैन मंदिर में चोरी करने वाला गिरफ्तार
x
पढ़ें पूरा खुलासा.
लखनऊ: लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में स्थित एक जैन मंदिर में हुई करीब 15 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भगवान अनंतनाथ की अष्टधातु की मूर्ति, चांदी का सिंहासन, छत्र और पंचमेरू समेत चोरी का सारा माल बरामद कर लिया है. पकड़े गए शातिर की पहचान सीतापुर के महौली निवासी संजय शुक्ला पुत्र लल्लूराम शुक्ला के रूप में हुई है.
बाजारखाला इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह के मुताबिक, ऐशबाग के मिल रोड स्थित आटा मिल परिसर में बने जैन मंदिर में 20-21 अगस्त की दरमियानी रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस व की मदद से आरोपी की सटीक लोकेशन ट्रेस कर उसे धर दबोचा.
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संजय शुक्ला करीब 6 महीने पहले गुलजार नगर स्थित इसी आटा मिल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था. उस दौरान वह मंदिर की सुरक्षा और देखरेख भी संभालता था. इसी बीच उसे मंदिर में मौजूद कीमती अष्टधातु की मूर्ति, चांदी के छत्र, सिंहासन और चढ़ावे की पूरी जानकारी हो गई थी. गलत हरकतों की वजह से मिल प्रबंधन ने उसे नौकरी से निकाल दिया था, जिसके बाद उसने मंदिर को लूटने का प्लान तैयार किया.
नौकरी छूटने के बाद आरोपी शालीमार में गार्ड की नौकरी करने लगा और चोरी की प्लानिंग में जुट गया. उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर ताला तोड़ने के तरीके सीखे. 20-21 अगस्त की रात वह पेट्रोल, सिरिंज और प्लास लेकर मंदिर पहुंचा. वारदात के वक्त उसने सिरिंज से ताले के अंदर पेट्रोल भरा और माचिस जलाकर आग लगा दी ताकि ताला ढीला पड़ जाए. जब ताला नहीं खुला तो उसने प्लास से उसे तोड़ दिया और मंदिर में रखे बेशकीमती सामान समेटकर फरार हो गया.
लखनऊ पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी संजय शुक्ला आदतन अपराधी है. वह पहले भी कई मंदिरों और अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है. उसके खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है. पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक संपर्कों की पड़ताल कर रही है.
Next Story