शादीशुदा महिला को परेशान करने वाले का अपहरण, पीड़िता के भाई समेत 3 गिरफ्तार

पीलीभीत। पीलीभीत में एक युवक के अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जब घुंघचाई थाना क्षेत्र से एक युवक को थार सवार लड़कों के द्वारा अगवा किए जाने की शिकायत मिली. सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव मोड में आई और सर्विलांस की मदद से महज तीन घंटे के भीतर शाहजहांपुर से युवक को सकुशल बरामद किया और दो आरोपियों को दबोच लिया. जांच में सामने आया कि मामला किसी फिरौती या रंजिश का नहीं, बल्कि एक शादीशुदा महिला को फोन पर परेशान करने से जुड़ा था.
घटना घुंघचाई थाना क्षेत्र की दलौल कॉलोनी की है, जहां रणजीत कौर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके 35 साल के बेटे निरवैल सिंह का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया है. बताया गया कि निरवैल सिंह के फोन पर कॉल आई थी कि उसकी बाइक का इंजन आया है, जिसे लेने के लिए वह अपने साथी रंजीत सिंह के साथ बाइक से दिलावरपुर ईंट भट्टे पर पहुंचा.आरोप है कि वहां पहले से मौजूद थार सवार तीन-चार लोगों ने निरवैल सिंह और उसके साथी को टक्कर मारकर गिरा दिया. इसके बाद निरवैल सिंह के साथ मारपीट की गई और उसे जबरन थार गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गए. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई.
घटना का चश्मदादी रंजीत ने बताया-'हम लोग बाइक से जा रहे थे, पीछे से थार आई और टक्कर मार दी. हम गिर गए. इसके बाद मेरे साथी को पीटा और जबरदस्ती थार में डालकर ले गए.' पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिस नंबर से कॉल आई थी उसे सर्विलांस पर लगाया. लोकेशन शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए तीन घंटे के भीतर पीड़ित युवक को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही घटना में इस्तेमाल थार गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई.





