भारत

शिकार पर गया था शख्स, गोली लगने से मौत

Admin2
17 Dec 2022 2:17 PM GMT
शिकार पर गया था शख्स, गोली लगने से मौत
x
पढ़े पूरी खबर
सिरमौर जिले के आंजभोज क्षेत्र में शिकार पर गए एक शख्स की बंदूक की गोली लगने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार शाम उस समय हुआ जब तीन लोग शिकार पर निकले थे। इस बीच अचानक गोली चलने से सबसे आगे चल रहे व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही डीएसपी पांवटा साहिब घटनास्थल पर पहुंचे। पुरुवाला पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में आंजभोज इलाके के डांडा कालाआंब के मेहर सिंह पुत्र जालम सिंह ने बताया कि बीती शाम वह और उसका छोटा भाई धर्म सिंह (48)अपने मामा के घर बस्ताना (बांस) मुड़ा लेकर मेहमानी में गए थे। जहां शाम के समय करीब 6:00 बजे वह दोनों और इसका रिश्तेदार (समधि) यशवंत सिंह जंगल की तरफ शिकार पर निकले।
इसका भाई धर्म सिंह सबसे आगे चल रहा था। यशवंत सिंह अपनी बंदूक को कंधे पर लटकाकर उसके पीछे चल रहा था और वह स्वयं सबसे पीछे था। घर से थोड़ी दूरी पर जंगल में पहुंचते ही यशवंत सिंह का पैर फिसल गया और कंधे पर लटकी बंदूक भी नीचे गिर गई, जिससे अचानक चली गोली धर्म सिंह की बाईं टांग के घुटने के पीछे लगी।
घायल हालत में धर्म सिंह को तुरंत उठाकर यशवंत की गाड़ी से राजपुरा लेकर गए जहां मरहम पट्टी कराने के बाद सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ-साथ भादंसं की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।
Next Story