बांकुड़ा: जिले में एसआइआर के बाद चल रही सुनवाई-प्रक्रिया और एक बीएलओ की आत्महत्या की घटना के बीच राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी मंगलवार को बांकुड़ा जिले के दौरे पर आ रही हैं. वह दोपहर 12:00 बजे बरजोड़ा के बीरसिंह मैदान में पार्टी की जनसभा को संबोधित करेंगी. इस रैली में एसआईआर, बीएलओ की आत्महत्या, प्रशासनिक प्रक्रिया और 2026 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर बात होने की संभावना है.
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जिले में जीत दर्ज की थी. तृणमूल नेताओं का मानना है कि जिले के औद्योगिक इलाकों में भाजपा का असर बढ़ा है. पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की 12 में से 8 सीटों पर जीत हासिल की थी, हालांकि बाद में बिष्णुपुर के विधायक तन्मय घोष और कोतुलपुर के विधायक हरकली प्रतिहार तृणमूल में शामिल हो गए. इसके बावजूद बरजोड़ा औद्योगिक क्षेत्र में भाजपा की सक्रियता से सत्ताधारी पार्टी सतर्क है.
इस इलाके में फैक्टरियों और खदानों में काम करनेवाले मजदूर, किसान और बाहर से आये श्रमिक बड़ी संख्या में रहते हैं. राजनीतिक जानकारों के अनुसार, पिछड़े वर्ग के परिवार तृणमूल की रणनीति के केंद्र में हैं और बरजोड़ा की यह सभा पार्टी के लिए टर्निंग-पॉइंट मानी जा रही है.





