भारत

सत्ता तो छोड़िए, सीट तक नहीं बचा पाईं ममता बनर्जी, भवानीपुर में सुवेंदु ने दोहराया नंदीग्राम पार्ट-2, बीजेपी बनाएगी मुख्यमंत्री?

jantaserishta.com
4 May 2026 9:52 PM IST
सत्ता तो छोड़िए, सीट तक नहीं बचा पाईं ममता बनर्जी, भवानीपुर में सुवेंदु ने दोहराया नंदीग्राम पार्ट-2, बीजेपी बनाएगी मुख्यमंत्री?
x
सबसे बड़ा सवाल ये है कि जीत के बाद बीजेपी बंगाल की कमान किसके हाथों में देगी और यहां का मुख्यमंत्री कौन बनेगा.
> ममता बनर्जी कल करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के भवानीपुर सीट का परिणाम सामने आ चुका है। इस सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं। भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने 15,105 वोटों की अंतर से सीएम ममता को चुनाव हराया है। यह दूसरी बार है, जब उन्हें सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
चुनावी नतीजों के साथ ही एक बार फिर यह सीट प्रदेश की राजनीति के केंद्र में आ गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसी सीट से विधायक रही हैं। साथ ही, यह सीट लंबे समय से टीएमसी का गढ़ मानी जाती रही है। इस विधानसभा क्षेत्र के लिए दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था।
इस चुनाव में ममता बनर्जी की हार को देखें तो यह कुछ-कुछ 2021 के विधानसभा चुनाव नतीजों की तरह है। 2021 के विधानसभा चुनाव में भी ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हार का सामना करना पड़ा था। यहां से ममता बनर्जी को सुवेंदु अधिकारी ने हराया था।
ममता बनर्जी के लिए सुवेंदु अधिकारी के हाथों मिली पराजय इस कारण भी बड़ी थी कि एक समय अधिकारी ममता बनर्जी के खास सहयोगियों में शामिल थे। फिर, चाहे नंदीग्राम आंदोलन हो या सिंगूर में आंदोलन के जरिए ममता बनर्जी का सियासी उभार। लेकिन, समय गुजरा और ममता बनर्जी से सुवेंदु अधिकारी ने रास्ते अलग कर लिए और भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
खास बात यह है कि लगातार दो चुनावों में टीएमसी सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। 2021 में नंदीग्राम में मिली हार के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर का रुख किया और यहां पर उपचुनाव में जीत हासिल कर सत्ता की बागडोर थामे रहीं।
इस बार के चुनाव में एक बार फिर सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के साथ ही भवानीपुर से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी। चुनावी नतीजे से पहले ही सुवेंदु अधिकारी लगातार दावा कर रहे थे कि उन्हें भवानीपुर से जीत मिलेगी और उनका दावा 4 मई की देर शाम को हकीकत में बदल गया।
भवानीपुर का इतिहास राजनीतिक रूप से उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। 1951 में अस्तित्व में आने के बाद इस सीट ने कई चुनाव देखे। शुरुआती वर्षों में कांग्रेस का दबदबा रहा, जबकि एक बार वामपंथी दलों ने भी यहां जीत दर्ज की। बाद में यह सीट कालीघाट के नाम से जानी गई और फिर 2009-2011 के बाद दोबारा अस्तित्व में आई। 2011 के बाद से यह सीट तृणमूल कांग्रेस का गढ़ बनी रही। लेकिन, 2026 के चुनाव परिणाम में एक बार फिर टीएमसी का गढ़ ढह गया।
बीजेपी किसे बनाएगी मुख्यमंत्री?
शुभेंदु अधिकारी
शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद के टॉप दावेदारों में से एक हैं। एक समय में ममता बनर्जी के करीबी रहे शुभेंदु अधिकारी के पास जमीनी पकड़ और मजबूत सांगठनिक नेटवर्क है। 2021 में उन्होंने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराकर 'जायंट किलर' का तमगा हासिल किया था। हालांकि, नारदा स्टिंग मामले में उनका नाम शामिल रहा, जो मुख्यमंत्री बनने की राह में उनके लिए रुकावट बन सकता है।
दिलीप घोष
2021 में बीजेपी को मुख्य विपक्षी दल बनाने का श्रेय पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को ही दिया जाता है। भले ही वे अब अध्यक्ष नहीं हैं, लेकिन बंगाल की राजनीति में उनका प्रभाव आज भी कायम है। ऐसे में बंगाल सीएम की रेस में वो एक मजबूत विकल्प हो सकते हैं।
समीक भट्टाचार्य
बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य को पार्टी में सबको साथ लेकर चलने वाले नेता के रूप में देखा जाता है। उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर बीजेपी के विस्तार में बड़ी भूमिका निभाई है। ऐसे में बीजेपी उन्हें भी बंगाल की कमान सौंप सकती है।
अग्निमित्रा पॉल
पेशे से फैशन डिजाइनर अग्निमित्रा पॉल बीजेपी की एक बेबाक नेताओं में से एक हैं। उन्होंने इस चुनाव में अपनी आसनसोल दक्षिण सीट बरकरार रखी है। अगर बीजेपी राज्य में महिला सीएम चुनती है तो अग्निमित्रा उनकी पसंद हो सकती हैं।
रूपा गांगुली
पूर्व राज्यसभा सांसद और सोनारपुर दक्षिण से विधायक रूपा गांगुली ने महिला मोर्चा की अध्यक्ष के रूप में उन्होंने जमीनी स्तर पर भी काम किया है। उनकी पॉपुलैरिटी देखते हुए बीजेपी उन्हें बंगाल का मुख्यमंत्री बनाने पर विचार कर सकती है।
निशिथ प्रामाणिक
निशिथ प्रामाणिक का नाम भी सीएम पद की रेस में सामने आ रहा है। हालांकि अब देखना ये है कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह की जोड़ी बंगाल की कमान किसके हाथों में सौंपती है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story