भारत

मालवीय नगर अग्निकांड: बिना NOC वाली इमारतें होंगी सील, दोषियों पर होगी कार्रवाई

SHIDDHANT
3 Jun 2026 8:57 PM IST
मालवीय नगर अग्निकांड: बिना NOC वाली इमारतें होंगी सील, दोषियों पर होगी कार्रवाई
x
Delhi दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार ने नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है। दिल्ली सरकार में मंत्री Ashish Sood ने कहा कि इस दुखद घटना को लेकर पूरा प्रशासन चिंतित है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।
आशीष सूद ने बताया कि जिस इमारत में यह हादसा हुआ, उसे वर्ष 2024 में छह कमरों वाला बीएनबी (B&B) चलाने की अनुमति दी गई थी। प्रारंभिक जांच में कई नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि जिन इमारतों के पास आवश्यक दस्तावेज और वैध एनओसी नहीं हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से सील किया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों की अनुमतियां भी रद्द की जाएंगी।
मंत्री ने कहा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से भवन मालिक, जिसने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया, उसे गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में डीसी, एसडीएम और बिजली विभाग की संयुक्त टीमें विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चला रही हैं। ऐसे सभी भवनों की पहचान की जा रही है जो निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं।
इसके अलावा सरकार उन रिहायशी इमारतों में भी जागरूकता अभियान चलाएगी, जहां फायर एनओसी की अनिवार्यता नहीं होती। अभियान के जरिए लोगों को अग्नि सुरक्षा नियमों और आपातकालीन स्थितियों में बचाव उपायों की जानकारी दी जाएगी। सरकार का कहना है कि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने का प्रयास किया जाएगा।
Next Story