भारत

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर आया बड़ा अपडेट

jantaserishta.com
20 Oct 2026 5:15 PM IST
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर आया बड़ा अपडेट
x
नई दिल्ली: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपनी पत्नी के साथ दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं. अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से खास मुलाकात की. इसके बाद वो भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मिले. रुबियो ने ताज मेमोरियल में पत्रकारों से बातचीत की और भारत-अमेरिका संबंधों पर अपनी राय दी.
रुबियो और जयशंकर के बीच भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार और दोनों देशों के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील पर चर्चा हुई. मार्को रुबियो ने सीएम फडणवीस और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ ऐतिहासिक गेटवे ऑफ इंडिया का दौरा भी किया. इसके बाद वो 26/11 आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने ताज मेमोरियल पहुंचे.
ताज मेमोरियल में पत्रकारों से बात करते हुए रुबियो ने भारत को अमेरिका का बेहद अहम और मजबूत साझेदार बताया. उन्होंने कुछ ही महीनों में भारत की अपनी दूसरी यात्रा और दोनों देशों के बीच संबंधों के लक्ष्य पर पूछे गए सवाल का जवाब दिया.
मार्को रुबियो ने कहा, 'सबसे पहले तो मैं ये ध्यान दिलाना चाहूंगा कि भारत के विदेश मंत्री चार बार अमेरिका आ चुके हैं. ये दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है. भारत अमेरिका का एक अहम वाणिज्यिक और व्यावसायिक भागीदार है. हम बहुत सारा रक्षा सहयोग भी करते हैं.'
अमेरिकी विदेश मंत्री ने आगे कहा, भारत CWA का एक अहम सदस्य और एक मजबूत रणनीतिक साझेदार है. इसलिए मुझे नहीं लगता कि ये यात्राएं बहुत ज्यादा हैं, बल्कि मुझे लगता है कि ऐसी बातचीत और होनी चाहिए. हमारे वाणिज्य सचिव, FBI डायरेक्टर, उपराष्ट्रपति और अटॉर्नी जनरल भी यहां आ चुके हैं. हमारे लिए भारत बेहद अहम भागीदार है.'
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के सवाल पर अमेरिकी विदेश मंत्री ने उम्मीद जताई कि जल्द ही ये फाइनल हो जाएगा. रुबियो ने कहा, 'जहां तक व्यापार समझौते का सवाल है, हालांकि विदेश विभाग सीधे व्यापार समझौतों पर बातचीत नहीं करता, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में भी मेरी इसमें गहरी दिलचस्पी रही है. मैं कहूंगा कि हम इसके बिल्कुल करीब हैं, जितना किसी समझौते को लागू करने के करीब पहुंचा जा सकता है. बस कुछ ही छोटे-मोटे बिंदु बाकी रह गए हैं जिन्हें पूरा किया जाना है.'
उन्होंने कहा, 'हमें उम्मीद है कि जल्द ही हमारे पास घोषणा करने के लिए कोई अच्छी खबर होगी और उसके बाद इस पर साइन किए जाएंगे. हम बहुत उम्मीद में हैं कि बहुत जल्द हमारे पास एक ठोस समझौता लागू होगा.'
मुंबई दौरे के बाद रुबियो गुजरात के जामनगर जाएंगे. यहां वो बिजनेसमैन मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज की दुनिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी का दौरा करेंगे. जामनगर के अपने दौरे को लेकर मार्को रुबियो ने कहा, 'एनर्जी को इस्तेमाल करने लायक बनाने के लिए, आपको उसे रिफाइन करना होगा. आपके पास एक कंपनी है जिसके पास बहुत ज्यादा रिफाइनिंग कैपेबिलिटी है. मुझे लगता है कि मुझे उनसे बात करनी चाहिए, खासकर जब बात देश-राज्यों की हो.
उन्होंने आगे कहा, 'हम एक ऐसी कंपनी से मिलने जा रहे हैं जिसके पास बहुत ज्यादा रिफाइनिंग कैपेबिलिटी है. उनसे इस बारे में बात करना पूरी तरह से सही है. अगर आप उनसे बात नहीं करेंगे तो कुछ समझना या ये देखना कि क्या पॉसिबिलिटीज हैं, बहुत मुश्किल है.'
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story