
रतलाम। मध्यप्रदेश और गुजरात को जोडऩे वाले रतलाम रेल मंडल में चार दिन में दूसरी बार बड़ी रेल दुर्घटना हो गई है। रतलाम - मुंबई के बीच मालगाड़ी के 16 डिब्बे पटरी से उतर गए है। ओवर हेड इलेक्टिक के तार भी टूट गए है। रतलाम से लेकर मुंबई का दोनों दिशा में रेल यातायात ठप हो गया है जो सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तक ठप रह सकता है। रेल दुर्घटना रेलवे की तकनीकी भाषा अनुसार 517 - 523 किमी के क्षेत्र में हुई है।
रेल दुर्घटना की सूचना मिलते ही रतलाम रेल मंडल से रखरखाव के लिए दल रवाना कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि रात करीब 12.50 बजे दल को रवाना किया गया है। इस दल के अलावा रेल मंडल के आला अधिकारी जिसमे स्वयं डीआरएम विनीत गुप्ता भी शामिल है, दल के साथ गए है।
रेलवे ने रेल दुर्घटना के बाद नई दिल्ली - मुंबई राजधानी, अगस्त क्रांति राजधानी, गरीब रथ, सोमनाथ जबलपुर एक्सप्रेस, मुंबई से इंदौर आने वाली अवंतिका एक्सप्रेस, मुंबई जयपुर एक्सप्रेस, पुना इंदौर एक्सप्रेस, जबलपुर सोमनाथ एक्सप्रेस को रास्ते में रोक दिया है। इसके अलावा दाहोद -हबीबगंज और दाहोद रतलाम उज्जैन मेमू को निरस्त करने पर मंथन चल रहा है।





