भारत

रेलवे अधिकारी के बंगले में बड़ी चोरी, 16 लाख का माल लेकर फरार हुए चोर; CCTV खंगाल रही पुलिस

SHIDDHANT
16 Sept 2026 11:55 PM IST
रेलवे अधिकारी के बंगले में बड़ी चोरी, 16 लाख का माल लेकर फरार हुए चोर; CCTV खंगाल रही पुलिस
x
परिवार बाहर और अधिकारी ड्यूटी पर, मौका पाकर चोरों ने बंगला खंगाला
Patna पटना। बिहार की राजधानी पटना के दानापुर-खगौल इलाके में चोरों ने एक रेलवे अधिकारी के बंगले को निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 16 लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
परिवार पूजा में गया था, अधिकारी ड्यूटी पर थे
पीड़ित रेलवे अधिकारी विजय प्रकाश रेलवे मुख्यालय हाजीपुर में जोनल सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वह मूल रूप से मधुबनी जिले के राजनगर के रहने वाले हैं। शिकायत के मुताबिक, चौठचंद (तीज) पर्व के दौरान 13 सितंबर को उनका परिवार पूजा के लिए रिश्तेदार के घर गया था। इसके बाद 14 सितंबर की सुबह विजय प्रकाश बंगले में ताला लगाकर अपनी ड्यूटी के लिए हाजीपुर चले गए थे।
लौटे तो टूटे मिले घर के ताले
विजय प्रकाश देर रात ड्यूटी खत्म कर जब बंगले पर पहुंचे तो मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने आलमारी और दीवान के लॉक तोड़ दिए थे और घर में रखी नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
3 लाख नकद और 13 लाख के गहने चोरी
पीड़ित अधिकारी ने पुलिस को बताया कि घर में करीब 3 लाख रुपए नकद रखे थे। इसके अलावा करीब 13 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी मौजूद थे। चोर इन सभी सामानों को लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी से जुड़े सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।
CCTV फुटेज से होगी चोरों की पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम और खगौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खगौल थाना अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से आए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में भागे।
Next Story