
x
लाखों के गहनों के साथ महिला गिरफ्तार
भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में एक और महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान 40 वर्षीय सबिता सेठी के रूप में हुई है, जो पुरी जिले के ब्रह्मगिरि थाना क्षेत्र के चंदापाडा गांव की रहने वाली है। पुलिस ने उसके पास से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है।
यह पूरा मामला 3 नवंबर की रात लक्ष्मीसागर इलाके का है, जहां 76 वर्षीय कुंजलता नंदा की उनके घर में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी बलाभद्र महाराणा उर्फ बालिया को पुलिस ने 10 नवंबर को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया था। भुवनेश्वर के डीसीपी सरवण विवेक एम के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि हत्या और लूट के बाद चोरी किए गए गहने उसने सबिता सेठी को सौंप दिए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि सबिता मुख्य आरोपी की करीबी रिश्तेदार है और वारदात के बाद भी उसके संपर्क में थी।
पुलिस ने आरोपी महिला के पास से सोने की चूड़ियों के दो जोड़े, सोने की चेन, अंगूठियां, बालियां, करीब एक किलो वजन के चांदी के 15 आभूषण और मृतका के पति के नाम पर पंजीकृत सुजुकी एक्सेस स्कूटर बरामद किया है। जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी बलाभद्र महाराणा मृतका के घर पर पांच महीने से अधिक समय से केयरटेकर के रूप में काम कर रहा था। आरोप है कि उसने पैसों के लालच में बुजुर्ग महिला की हत्या कर घर में लूटपाट की और सीसीटीवी कैमरे बंद कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
Next Story





