भारत

हत्याकांड में बड़ा खुलासा: दादी की फटकार बनी हत्या की वजह, 3 आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
28 May 2026 12:18 AM IST
हत्याकांड में बड़ा खुलासा: दादी की फटकार बनी हत्या की वजह, 3 आरोपी गिरफ्तार
x
मुठभेड़ में 3 आरोपी पकड़े गए, जेवर केस में बड़ा एक्शन
Noida नोएडा: जेवर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह कोई पुरानी दुश्मनी नहीं, बल्कि हुक्का और नशे की आदतों को लेकर हुई फटकार थी, जो मृतक की दादी ने आरोपियों को लगाई थी।
पुलिस के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले गांव में कुछ युवक हुक्का पीते और नशा करते पकड़े गए थे। इसी दौरान गोपाल की दादी ने उन्हें फटकार लगाई थी और कहा था कि वे उनके पोते को भी गलत संगत में ले जा रहे हैं। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने बदला लेने की साजिश रची।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने पहले गोपाल को अपने साथ बुलाया और उसे हुक्का पिलाकर नशे की हालत में कर दिया। इसके बाद उसे एक खाली मकान में ले जाकर उसके सिर को दीवार पर पटककर बेरहमी से मार डाला। गंभीर चोटों के कारण गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
शव करीब दो दिन तक उसी बंद मकान में पड़ा रहा, जिसके बाद बदबू आने पर मामले का खुलासा हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया। पुलिस ने जांच के बाद मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक को मौके से पकड़ा गया। पुलिस ने अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
Next Story