भारत

बाप रे! पुलिस का बड़ा एक्शन, दूल्हे को गिरफ्तार कर सलाखों में पहुंचाया

jantaserishta.com
14 Feb 2026 8:06 AM IST
बाप रे! पुलिस का बड़ा एक्शन, दूल्हे को गिरफ्तार कर सलाखों में पहुंचाया
x
जानें पूरा मामला.
कटिहार: वैलेंटाइन वीक में जहां लोग प्यार की बातें कर रहे थे, वहीं बिहार के कटिहार से ऐसी कहानी सामने आई, जिसने सोशल मीडिया वाले प्यार का सच सामने ला दिया. इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ रिश्ता, फोन कॉल्स से नजदीकी, फिर निजी तस्वीरों और वीडियो शेयरिंग तक बातें पहुंच गईं. इस कहानी का अंत हुआ पुलिस थाने में, जब शेरवानी पहने दूल्हे को गिरफ्तार कर सलाखों में पहुंचा दिया गया.
कहानी करीब एक साल पहले शुरू हुई. मनिहारी इलाके की रहने वाली एक युवती की पहचान इंस्टाग्राम पर निकेश कुमार झा नाम के युवक से हुई. निकेश बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है और कभी-कभी कटिहार में अपने रिश्तेदारों के यहां भी आता-जाता था. सोशल मीडिया की चैटिंग धीरे-धीरे लंबी फोन कॉल्स में बदली और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं.
इसी दौरान भरोसे के रिश्ते में निजी तस्वीरों और वीडियो की शेयरिंग होने लगी. युवती को अंदाजा नहीं था कि यही भरोसा आगे चलकर उसके लिए सबसे बड़ा डर बन जाएगा. आरोप है कि कुछ महीनों बाद निकेश ने शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया. जब युवती और उसके परिवार ने शादी से इंकार किया, तो उसने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी.
डर और सामाजिक बदनामी की वजह से युवती ने शुरुआत में चुप्पी साध ली. परिवार पर भी दबाव बनाया गया. लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवती ने शादी के लिए हामी भर दी. शादी की तैयारियां हो गईं. निकेश बारात लेकर कटिहार पहुंच गया.
शेरवानी पहने निकेश दूल्हे के रूप में सजा-धजा था. बाराती डीजे पर डांस की तैयारी में थे. लेकिन इसी बीच कहानी ने अचानक मोड़ ले लिया. युवती ने साहस जुटाया और नगर थाना पहुंचकर आपबीती लिखित आवेदन के जरिए पुलिस को बता दी. उसने साफ कहा कि उस पर ब्लैकमेल कर शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा है.
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शादी की तैयारी के बीच से ही शेरवानी पहने दूल्हे को हिरासत में ले लिया. देखते ही देखते बारात की खुशियां सन्नाटे में बदल गईं. निकेश को थाने ले जाया गया.
इस मामले में एएसपी अभिजीत कुमार सिंह का कहना है कि युवती की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई है. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी पड़ताल की जाएगी.
थाने में युवती ने कैमरे के सामने पूरी कहानी बताई और सख्त कार्रवाई की मांग की. उसने कहा कि भरोसे का फायदा उठाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. वहीं, बारात में शामिल कुछ लोगों ने भी माना कि यदि आरोप सही हैं तो लड़के ने गलत किया है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story