
x
Hardoi हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की कछौना थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 9 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब, नकदी और चार कारें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। जानकारी मिली थी कि हरियाणा से अवैध शराब की खेप हरदोई के रास्ते बिहार भेजी जा रही है। इसके बाद पुलिस ने कटियामऊ-खजोहना मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया, जहां संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।
इस दौरान पुलिस ने जमीर, अमवार और बबलू नाम के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 3276 पव्वा, 594 बोतलें ऑल सीजन ब्रांड, 168 बोतलें रॉयल स्टैग, 18,600 रुपये नकद और चार अर्टिगा कारें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हरियाणा से शराब लाकर बिहार के मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिलों में सप्लाई करते थे। कुछ अन्य साथी मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना हरियाणा के सोनीपत का निवासी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को जल्द ही ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
पुलिस ने बरामद वाहनों और शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Next Story





