भारत

ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार

SHIDDHANT
22 Oct 2026 8:08 PM IST
ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
x
कोकीन और हेरोइन की सप्लाई का खुलासा, पुलिस का बड़ा एक्शन
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तरी जिले की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और एंटी-नारकोटिक्स सेल ने संयुक्त अभियान चलाकर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से कोकीन, हेरोइन और एमडीएमए जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
डीसीपी निहारिका भट्ट ने दी जानकारी
उत्तरी जिले की डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि अभियान एसीपी विशेष धत्तरवाल और एंटी-नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर आशीष दुबे के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग दिल्ली में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। इसके बाद विशेष टीम बनाकर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
12 अक्टूबर को दो आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को कश्मीरी गेट इलाके में कार्रवाई करते हुए अच्छे बाबू और जाहिद नामक दो आरोपियों को पकड़ा गया। दोनों के पास से 16.4 ग्राम कोकीन और 90 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने आगे जांच बढ़ाई।
नाइजीरियाई नागरिक भी पकड़ा गया
दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 13 अक्टूबर को महरौली से नाइजीरियाई नागरिक कैजेथन चुक्वेजेक्वु को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15.3 ग्राम एमडीएमए और 5.7 ग्राम कोकीन बरामद की गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर टैक्सी के माध्यम से नशीले पदार्थों की डिलीवरी करते थे। पुलिस ने एक टैक्सी भी जब्त की है।
ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस इस मामले में नशीले पदार्थों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती कार्रवाई में कुल 22.1 ग्राम कोकीन, 90 ग्राम हेरोइन और 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया था।
डीसीपी के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति किन लोगों तक की जा रही थी और इस नेटवर्क का विस्तार कहां तक है।
Next Story