भारत

जमीन विवाद में बड़ा घटनाक्रम: युवक की मौत के बाद राजस्व निरीक्षक और लेखपाल निलंबित

jantaserishta.com
23 Sept 2026 1:43 PM IST
जमीन विवाद में बड़ा घटनाक्रम: युवक की मौत के बाद राजस्व निरीक्षक और लेखपाल निलंबित
x
जानें पूरा मामला.
श्रावस्ती: यूपी के श्रावस्ती में एक जमीन की पैमाइश चल रही थी. राजस्व की टीम मौके पर थी. पुलिस भी पहुंची थी, ताकि मामला बिगड़े नहीं. लेकिन पैमाइश के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि छह लोगों को पुलिस थाने ले जाने लगी. इनमें पांच महिलाएं और एक पुरुष थे. पुलिस वाहन अभी चला ही था कि उस पुरुष ने गाड़ी का गेट खोला और बाहर कूद गया. नाम था कमलेश... चलती गाड़ी से गिरने के बाद कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया. हालत ज्यादा बिगड़ी तो जिला अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके.
कमलेश की मौत के बाद इस मामले में राजस्व विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं. प्रशासन ने रेवेन्यू इंस्पेक्टर और लेखपाल को निलंबित कर दिया है. मामले की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति भी बनाई गई है.
मामला श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र का है. जमीन से जुड़े विवाद को लेकर तहसील दिवस में एक प्रार्थना पत्र दिया गया था. इसके बाद एसडीएम इकौना के आदेश पर नायब तहसीलदार आयुष के साथ राजस्व टीम सिसवारा गांव के मदारपुरवा और पुरुषोत्तमपुर पहुंची थी. मकसद था जमीन की पैमाइश करना. पुलिस की महिला और पुरुष टीम भी साथ थी. वजह थी शांति व्यवस्था बनाए रखना. लेकिन पैमाइश के दौरान मामला शांत नहीं रहा.
पुलिस के मुताबिक, कुछ लोग सरकारी काम में बाधा डालने लगे. इसके बाद पांच महिलाओं और एक पुरुष को थाने ले जाने की कार्रवाई की गई. इन्हीं छह लोगों में कमलेश भी था. पुलिस के मुताबिक, छह लोगों को वाहन से थाने ले जाया जा रहा था. गाड़ी चलने के बाद कमलेश ने वाहन का गेट खोल दिया. फिर उसने चलती गाड़ी से कूदने की कोशिश की. वह सड़क पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिसकर्मी उसे इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे. वहां से उसे संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया. लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया. एएसपी चंद्रकेश सिंह के मुताबिक, कमलेश ने चलती पुलिस गाड़ी से कूदने का प्रयास किया था. कमलेश की मौत के बाद उसके परिवार ने राजस्व टीम की भूमिका पर सवाल उठाए हैं.
परिवार का आरोप है कि जमीन विवाद के दौरान राजस्व टीम की मौजूदगी में दूसरा पक्ष निर्माण कर रहा था. परिवार के लोग इसका विरोध कर रहे थे. उनका कहना है कि निर्माण से जुड़े आदेश को पहले स्पष्ट किया जाना चाहिए था.
यानी यहां दो बातें सामने आ रही हैं. पुलिस का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में कमलेश समेत छह लोगों को थाने ले जाया जा रहा था और इसी दौरान कमलेश चलती गाड़ी से कूद गया. वहीं, परिवार जमीन विवाद और निर्माण को लेकर सवाल उठा रहा है. राजस्व पक्ष की ओर से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि विपक्षी पक्ष किस आदेश के आधार पर निर्माण कर रहा था.
कमलेश की मौत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया. राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को निलंबित कर दिया गया. दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. पूरे मामले की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति बनाई गई है. जांच में राजस्व टीम और पुलिस की भूमिका को भी देखा जाएगा.
सवाल यह भी है कि जमीन की पैमाइश के दौरान आखिर ऐसी स्थिति क्यों बनी कि छह लोगों को पुलिस को थाने ले जाना पड़ा. जमीन विवाद के दौरान क्या हुआ था. निर्माण किस आदेश के आधार पर हो रहा था. और पूरे घटनाक्रम में राजस्व और पुलिस की भूमिका क्या थी. इन सवालों के जवाब जांच समिति की रिपोर्ट से सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस के मुताबिक इलाके में शांति और कानून व्यवस्था सामान्य है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story