भारत
दिल्ली में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1,050 क्वार्टर के साथ एक गिरफ्तार
jantaserishta.com
11 Sept 2026 11:16 AM IST

x
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब की सप्लाई के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस इलाके में हुई, जहां पुलिस ने एक कार से 21 कार्टन में रखी 1,050 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की।
भाटी माइंस पुलिस चौकी की टीम को इलाके में अवैध शराब की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना मैदानगढ़ी की पुलिस टीम ने भाटी माइंस के संजय कॉलोनी स्थित आलू मोड़ के पास जाल बिछाया। पुलिस टीम में एसआई विनोद भाटी, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल लाल सिंह और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल थे। पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह, एसएचओ थाना मैदानगढ़ी के नेतृत्व और एसीपी महरौली योगिता शर्मा की निगरानी में की गई।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान वहां एक स्विफ्ट कार पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम पहले से सतर्क थी और उसने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 25 वर्षीय अजय निवासी संजय कॉलोनी, भाटी माइंस के रूप में हुई।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 21 कार्टन मिले। इनमें कुल 1,050 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अजय ने बताया कि वह कथित तौर पर यह शराब हरियाणा के गुरुग्राम जिले के ग्वाल पहाड़ी इलाके से लेकर आया था। उसे यह शराब संजय कॉलोनी और राजपुर खुर्द इलाके में 'सांसी' नाम के एक व्यक्ति को पहुंचानी थी। पुलिस ने शराब की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया कि यह वाहन गुरुग्राम निवासी प्रशांत उर्फ विक्रम के नाम पर पंजीकृत है।
इस मामले में थाना मैदानगढ़ी में एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस अब शराब के असली स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसे शराब की खेप पहुंचाई जानी थी। साथ ही वाहन मालिक और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अजय पहले भी थाना कालकाजी में दर्ज एक मामले में शामिल रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





