
x
गूगल प्रतिनिधि बनकर करते थे ठगी! इस्लामाबाद में फ्रॉड गैंग का खुलासा
इस्लामाबाद: पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी इस्लामाबाद में चल रहे तीन अवैध कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर 212 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, ये कॉल सेंटर कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन धोखाधड़ी नेटवर्क से जुड़े हुए थे और इनके जरिए साइबर अपराध को अंजाम दिया जा रहा था। पाकिस्तान की राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी (NCCIA) ने इस्लामाबाद के E-11 और G-10 सेक्टर में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार लोगों में पाकिस्तानी नागरिकों के अलावा कई चीनी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, इन अवैध कॉल सेंटरों से ऑनलाइन ठगी के कई तरीकों को अंजाम दिया जा रहा था। इनमें टास्क फ्रॉड, रोमांस या लव-डेटिंग स्कैम और गूगल के प्रतिनिधि बनकर लोगों को ठगने जैसे तरीके शामिल थे।
ऑनलाइन टास्क के नाम पर ठगी
अधिकारियों के अनुसार, टास्क फ्रॉड में लोगों को छोटे-छोटे ऑनलाइन काम देने का लालच दिया जाता था। इसमें वीडियो लाइक करना, उत्पादों की रेटिंग करना और ऑनलाइन प्रचार से जुड़े काम शामिल होते थे। शुरुआत में ठग लोगों को कुछ पैसे देकर उनका भरोसा जीतते थे। इसके बाद ज्यादा कमाई का लालच देकर उनसे बड़ी रकम जमा करवाने की कोशिश की जाती थी। कई मामलों में लोग इस तरह की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाते हैं।
बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद
NCCIA के प्रवक्ता के अनुसार, छापेमारी के दौरान 383 कंप्यूटर और CPU, 306 मोबाइल फोन तथा 299 मॉनिटर और लैपटॉप बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसके तार किन देशों से जुड़े हुए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने गिरफ्तार किए गए चीनी नागरिकों की संख्या की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पाकिस्तान में साइबर अपराध से जुड़े ऐसे मामलों में पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। पिछले साल जुलाई में NCCIA ने फैसलाबाद में एक फैक्ट्री पर छापा मारकर 149 लोगों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में 48 चीनी नागरिक भी शामिल थे। आरोप था कि गिरफ्तार लोग बैंकिंग सिस्टम को निशाना बनाने और अन्य साइबर अपराधों में शामिल थे। ताजा कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की साइबर सुरक्षा एजेंसियां ऑनलाइन धोखाधड़ी नेटवर्क पर शिकंजा कसने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित होने वाले ऐसे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





