भारत
चिट्टा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 21 ग्राम हेरोइन के साथ 5 गिरफ्तार
Shantanu Roy
18 May 2026 5:07 PM IST

x
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और नशा तस्करी नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है। पहला मामला बालूगंज थाना क्षेत्र का है, जहां 15 मई को स्पेशल सेल की टीम ने एनएच-5 पर एक बस को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में बैठे एक युवक के बैग से छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान संजीव वर्मा निवासी कंडयाली, कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। दूसरा मामला ढली थाना क्षेत्र से सामने आया है। जानकारी के अनुसार 14 मई की रात स्पेशल सेल और ढली पुलिस की संयुक्त टीम ढली, संजौली और छोटा शिमला क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक ढली क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई करने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तरविंद्र सिंह और मोहित कुमार, दोनों निवासी पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लगभग आठ ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। तीसरा मामला कुमारसैन क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 12 मई को रामपुर सब-डिवीजन की डिटेक्शन टीम एनएच-05 पर बारुबाग के पास वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को रोका गया।
तलाशी लेने पर ट्रक में सवार दो लोगों के पास से लगभग सात ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुश्ताक अली निवासी दत्तनगर (रामपुर) और बलबीर निवासी ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इन सभी मामलों में बरामद कुल चिट्टा लगभग 21 ग्राम है। सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। आगे की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये आरोपी किस नेटवर्क से जुड़े हैं और नशे की सप्लाई कहां से हो रही थी। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों को लगातार गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Tagsशिमला चिट्टा मामला21 ग्राम हेरोइन बरामदनशा तस्करी गिरफ्तारीबालूगंज ढली कुमारसैनएनडीपीएस एक्टशिमला पुलिस कार्रवाईपंजाब हिमाचल ड्रग्सस्पेशल सेल शिमलाShimla Chitta case21 grams of heroin recovereddrug smuggler arrestedBaluganj Dhali KumarsainNDPS ActShimla Police actionPunjab Himachal DrugsSpecial Cell Shimla
Next Story





