भारत

सिवनी में बकरीद से पहले बड़ी साजिश नाकाम, गोवंश की कुर्बानी की योजना पर मौलाना समेत 8 गिरफ्तार

Tara Tandi
1 Jun 2026 7:58 PM IST
सिवनी में बकरीद से पहले बड़ी साजिश नाकाम, गोवंश की कुर्बानी की योजना पर मौलाना समेत 8 गिरफ्तार
x

Madhya Pradesh. मध्य प्रदेश | मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में बकरीद के दौरान शांति व्यवस्था को प्रभावित करने की कथित बड़ी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने दावा किया है कि गोवंश की कुर्बानी की योजना बनाकर इलाके में तनाव फैलाने की तैयारी की जा रही थी, जिसे समय रहते रोक लिया गया। इस मामले में नागपुर निवासी एक रिटायर्ड इंजीनियर, सिवनी के मौलाना सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों पर अब राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पूरे नेटवर्क का सरगना नागपुर के गांधीबाग निवासी 69 वर्षीय इंजीनियर मोहम्मद हामिद है, जो लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) से वर्ष 2014 में सेवानिवृत्त हुआ था। वहीं सिवनी निवासी मौलाना मजीद खान पर आरोप है कि उसने इस कथित योजना को स्थानीय स्तर पर संचालित किया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि बकरीद के दौरान लगभग 48 गोवंश की कुर्बानी की योजना बनाई गई थी।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने पहले चरण में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि बाद में सरगना हामिद और एक अन्य आरोपी को भी पकड़ लिया गया। इस तरह कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके लिए पैसे व संसाधन जुटाने की प्रक्रिया भी चल रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोप है कि मौलाना मजीद खान ने कुर्बानी के नाम पर कुछ लोगों से चंदा इकट्ठा किया था। मोबाइल फोन की जांच में सामने आया कि लगभग 27,500 रुपये अलग-अलग लोगों से जुटाए गए थे और इस पैसे से गोवंश की खरीद की योजना थी। एक अन्य व्यक्ति से 80,000 रुपये में 48 गोवंश की व्यवस्था का सौदा तय होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार छपारा क्षेत्र में कुछ गोवंश को जंगल में बांधकर रखा गया था और उन्हें कुर्बानी के लिए एकत्र करने की तैयारी चल रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से 17 गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराया। इसके अलावा मौके से नकद राशि, पांच मोबाइल फोन और धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग गोवध में किया जाना था।

पुलिस ने यह भी बताया कि नागपुर निवासी मोहम्मद हामिद पहले पीएचई विभाग में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और वह पिछले कुछ वर्षों से इस तरह की गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। उसके मोबाइल से कई तस्वीरें, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। पुलिस को आशंका है कि उसका नेटवर्क केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों तक फैला हो सकता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी गोवंश की तस्वीरें भेजकर सौदे तय करते थे और इसके लिए एक संगठित तंत्र बनाया गया था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि सिवनी में कम कीमत पर गोवंश मिलने के कारण इसे केंद्र बनाया गया था।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और NSA लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सिवनी जिला पहले भी गोवंश तस्करी और गोकशी से जुड़े मामलों को लेकर संवेदनशील रहा है। इससे पहले भी जिले में गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए थे।

Next Story