भारत

PNB बैंक में बड़ी सेंध...? लॉकर खोलने पहुंचीं सास-बहू के उड़े होश

jantaserishta.com
18 Feb 2026 5:00 PM IST
PNB बैंक में बड़ी सेंध...? लॉकर खोलने पहुंचीं सास-बहू के उड़े होश
x
पढ़ें पूरी खबर.
नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक महिला अपनी सास के साथ लॉकर चेक करने पहुंची और जेवर गायब होने का आरोप लगा दिया. देखते ही देखते बैंक में लॉकर तोड़कर सोना चोरी होने की चर्चा फैल गई और शाखा के बाहर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई.
जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाएं अपने ज्वाइंट लॉकर की जांच करने बैंक पहुंची थीं. बैंक कर्मचारियों ने तय प्रक्रिया के अनुसार लॉकर खोला, लेकिन महिलाओं ने दावा किया कि लॉकर में रखा सोना और ज्वैलरी गायब है. उनकी शिकायत के बाद बैंक में मौजूद अन्य ग्राहकों में भी चिंता फैल गई. कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर संदेश प्रसारित होने लगे कि पीएनबी के लॉकर से सोना चोरी हो गया है.
अफवाह फैलते ही जिन ग्राहकों के लॉकर उसी शाखा में थे, वे घबराकर बैंक पहुंचने लगे. बैंक के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और कई लोग अपने-अपने लॉकर तुरंत चेक कराने की मांग करने लगे. स्थिति को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक परिसर और संबंधित लॉकर की जांच की. प्रारंभिक जांच में किसी भी लॉकर के टूटने या जबरन खोलने के संकेत नहीं मिले. आसपास की संरचना और लॉकर रूम की स्थिति सामान्य पाई गई. जांच के दौरान पता चला कि संबंधित ज्वाइंट लॉकर को 5 फरवरी को ऑपरेट किया गया था. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उस दिन लॉकर किस परिस्थिति में खोला गया और उसमें क्या सामग्री रखी या निकाली गई थी.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है, लेकिन अब तक किसी बाहरी छेड़छाड़ के प्रमाण सामने नहीं आए हैं. बैंक प्रबंधन ने भी ग्राहकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें. फिलहाल शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच जारी है, और तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story