
x
होटल से हुई गिरफ्तारी
Rajasthan राजस्थान: पुलिस की अपराधी गिरोह रोधी विशेष कार्य बल (AGTF) ने जोधपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह से जुड़े दो कथित शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना से जोधपुर पहुंचे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के फाजिल्का निवासी जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा (23) और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (23) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पंजाब पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
एजीटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी सिरोही इलाके में मौजूद हैं और वहां से जोधपुर की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना के आधार पर जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की गई।
होटल से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने जोधपुर के कैलाश नगर स्थित होटल सनसिटी इन के कमरा नंबर 204 में छापा मारा। यहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की और खुद को अलग नामों से बताया। जांच में पुलिस ने दोनों की वास्तविक पहचान का पता लगाया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी पंजाब में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित थे।
कई मामलों में तलाश
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी अबोहर के कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा और फाजिल्का के साहिल सेन की हत्या समेत कई मामलों में वांछित हैं। दोनों के खिलाफ पंजाब में हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 12 मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
हथियार और दस्तावेज बरामद
एजीटीएफ अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के पास से एक रिवॉल्वर, 83 ग्राम अफीम का दूध, 88,100 रुपये नकद, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब बरामद सामान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जोधपुर पहुंचने के पीछे उनकी क्या योजना थी और स्थानीय स्तर पर उनके संपर्क किन लोगों से थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी करीब डेढ़ साल पहले कथित आपराधिक घटनाओं के बाद नेपाल चले गए थे। वहां से लौटने के बाद वे मध्य प्रदेश के रास्ते राजस्थान पहुंचे।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।
Next Story





