भारत

देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IAS-PCS अधिकारियों के तबादले, देखें लिस्ट

SHIDDHANT
10 Sept 2026 11:43 PM IST
देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IAS-PCS अधिकारियों के तबादले, देखें लिस्ट
x
दो जिलों के DM बदले
Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए पांच IAS और छह PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव में जालौन और बहराइच के जिलाधिकारियों से लेकर नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को बहराइच का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स के पद पर तैनात समीर को जालौन के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। झांसी की नगर आयुक्त आकांक्षा राना को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है।
बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी बी. सूदन को झांसी का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में सचिव पंकज वर्मा को बाराबंकी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। IAS अधिकारियों के साथ छह PCS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। सुशील प्रताप सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का सचिव बनाया गया है। वह अभी भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलसचिव और संस्कृति निदेशालय में अपर निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
LDA में संयुक्त सचिव अतुल कुमार को भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का कुलसचिव और संस्कृति निदेशालय में अपर निदेशक बनाया गया है। बदायूं में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात राजेश कुमार सिंह को कानपुर नगर का अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) नियुक्त किया गया है। गोंडा के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार सिंह को उपनिदेशक (प्रशासन), युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
झांसी के नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा को गोंडा का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। वहीं कुशीनगर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात योगेश्वर सिंह को झांसी का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। देर रात जारी इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद स्थानांतरित अधिकारियों को उनकी नई तैनाती के अनुसार जिम्मेदारी संभालनी होगी। दो जिलों के डीएम बदलने के साथ ही महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नई तैनाती को बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
Next Story