
x
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में दशहरा ग्राउंड पर हुए मिक्सर झूला हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिक्सर राइड के मालिक और संचालक मनदीप तथा पूरे आयोजन की निगरानी करने वाले सुपरवाइजर रमेश राठी के रूप में हुई है। हादसे में घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है।
20 अक्टूबर की रात हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी एफ-ब्लॉक स्थित दशहरा ग्राउंड में 20 अक्टूबर को तड़के करीब 1:36 बजे मिक्सर राइड का गेट अचानक टूट गया था। इस दौरान झूले पर सवार दो लोग नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले माता चानन देवी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान महिला की मौत
हादसे में घायल महिला की पहचान उत्तम नगर निवासी गुड़िया के रूप में हुई थी। बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल 33 वर्षीय रवि का अस्पताल में उपचार जारी है।
महिला की मौत के बाद पुलिस ने एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), यानी लापरवाही से मौत का प्रावधान भी जोड़ा।
रात 11 बजे तक थी मेले की अनुमति
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि मेले को रात 11 बजे तक संचालित करने की अनुमति थी। इसके बावजूद हादसा रात 1:36 बजे हुआ।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निर्धारित समय के बाद झूला किसकी अनुमति से चलाया जा रहा था। इसके अलावा झूले की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है।
Latest News Delhi
मालिक और सुपरवाइजर की गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस के ताजा बयान के मुताबिक, मिक्सर राइड के मालिक एवं संचालक मनदीप और सुपरवाइजर रमेश राठी को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि झूले का गेट तकनीकी खराबी के कारण टूटा या सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही हुई थी। पुलिस अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस हादसे ने मनोरंजन मेलों में लगाए जाने वाले झूलों की सुरक्षा और नियमित तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story





