
x
पूर्व विधायक पर गंडासे से हमले का आरोप, चार गिरफ्तार
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक अत्तर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भागमल गुर्जर, सोनी गुर्जर, शेर सिंह गुर्जर और कुंवर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, तीन आरोपी भौंडा गांव के निवासी हैं, जबकि चौथा नवार गांव का रहने वाला है। पूर्व विधायक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने जांच के दौरान कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके बाद भौंडा गांव के कुछ लोगों के घरों पर ताला लगाकर गांव छोड़ने की खबर सामने आई है। पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने वैर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में 30 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 50 से 60 अज्ञात लोगों पर भी आरोप लगाए गए हैं।
खनन लीज और क्रशर संचालन से जुड़ा विवाद
शिकायत के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले खनन लीज और क्रशर साइट से जुड़े पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस संबंध में पुलिस थाने में मामला भी दर्ज कराया गया था। अगले दिन कथित तौर पर 70 से 80 लोगों का समूह खनन परिसर में पहुंचा और मारपीट, पथराव, गोलीबारी तथा आगजनी की घटना हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने पूर्व विधायक के हाथ-पैर तोड़ दिए और उनके सिर पर गंडासे से हमला किया। गंभीर रूप से घायल पूर्व विधायक को उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। फिलहाल ये आरोप शिकायत के आधार पर सामने आए हैं और पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनकी कथित भूमिका और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
Next Story





