
x
25 से ज्यादा विशेष टीमों ने चलाया अभियान
थेनी। तमिलनाडु के थेनी जिले में थेक्कमपट्टी जेल से 17 कैदियों के फरार होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अब तक 13 फरार कैदियों को दोबारा पकड़ लिया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है। कैदियों ने सोमवार देर रात जेल के सुरक्षाकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को तोड़कर फरार हो गए थे।
25 से ज्यादा विशेष टीमों ने चलाया अभियान
घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की तलाश के लिए 25 से अधिक विशेष पुलिस टीमों को तैनात किया गया। पुलिस ने जेल के आसपास के इलाकों, जंगलों और पहाड़ियों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
पहाड़ियों में छिपे मिले आठ कैदी
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ कैदी जेल के पीछे स्थित अमाचियापुरम की पहाड़ियों में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर आठ कैदियों को पकड़ लिया। अन्य स्थानों से पकड़े गए पांच कैदियों को मिलाकर कुल गिरफ्तार कैदियों की संख्या 13 पहुंच गई।
दोनों जिलों के एसपी कर रहे पूछताछ
थेनी जिले के पुलिस अधीक्षक प्रवीण गौतम और डिंडीगुल जिले के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने दोबारा पकड़े गए 13 कैदियों से संयुक्त रूप से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कैदियों ने जेल से भागने की योजना कैसे बनाई और क्या उन्हें किसी बाहरी व्यक्ति से मदद मिली थी। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल फरार चार अन्य कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस का तलाशी अभियान जारी है।
Next Story





