भारत

बैंक्वेट हॉल फायरिंग कांड में बड़ी कार्रवाई, पुलिस मुठभेड़ में 3 बदमाश गिरफ्तार

Shantanu Roy
16 May 2026 3:06 PM IST
बैंक्वेट हॉल फायरिंग कांड में बड़ी कार्रवाई, पुलिस मुठभेड़ में 3 बदमाश गिरफ्तार
x
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
Meerut. मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में स्टार हेरिटेज बैंक्वेट हॉल फायरिंग कांड के मामले में पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली है। लोहियानगर पुलिस, स्वाट टीम और परतापुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाश भी शामिल हैं। मुठभेड़ में तीनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 12 मई का है, जब लोहियानगर क्षेत्र स्थित स्टार हेरिटेज बैंक्वेट हॉल में फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना में बुनकर नगर निवासी इस्लाम ने अपने साले इरफान, राजा, हम्माद और अन्य लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को जुनैद उर्फ काला, सुहैल, उदेश और जाहिद के नाम सामने आए थे। इनमें से जुनैद और सुहैल पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
शनिवार सुबह पुलिस टीम जंगल ग्राम बजौट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जुनैद उर्फ काला और हारिस को घायल कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका साथी सुहैल मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। परतापुर पुलिस ने ततिना मार्ग पर कांबिंग के दौरान फरार चल रहे सुहैल को भी मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, एक पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और ये लोग क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई को जिले में कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Next Story